झांसी। झांसी के मानिक चौक बाजार में रविवार को रेट और बातचीत के तरीके को लेकर ग्राहक और दुकानदार के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। बताया जा रहा है कि 750 रुपये के खेल सामान की कीमत को लेकर पहले बहस हुई, जिसके बाद मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई।
स्थिति उस वक्त और बिगड़ गई जब दुकानदार और उसके दो कर्मचारियों ने बैट और स्टंप निकालकर ग्राहक पर हमला कर दिया, वहीं बचाव में ग्राहक ने भी पलटवार किया। करीब 10 मिनट तक बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। हालांकि शुरुआती जानकारी के अनुसार किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है और पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
