झांसी। झांसी के बरुआसागर कस्बे में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां घर के बाहर खेल रहे 2 साल के मासूम बच्चे पर स्ट्रीट डॉग्स ने अचानक हमला कर दिया। बच्चा जैसे ही घर से करीब 30 फीट दूर पहुंचा, वहां खड़े कुत्तों ने उसे देखकर भौंकना शुरू कर दिया। डर के मारे बच्चा वापस घर की ओर दौड़ा, लेकिन दो कुत्ते उसके पीछे लग गए और कुछ ही सेकंड में उस पर हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, एक कुत्ता लगातार भौंकता रहा जबकि दूसरे ने बच्चे को पीछे से धक्का देकर गिरा दिया और उसके थाई पर काट लिया। बच्चे की चीख सुनकर घर के लोग बाहर दौड़े, जिसके बाद कुत्ते वहां से भाग गए। मासूम को गंभीर हालत में तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। यह पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है और इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
परिवार का दर्द और इलाके में दहशत
पीड़ित बच्चे के पिता फरहत अली के अनुसार, गली में कई स्ट्रीट डॉग घूमते रहते हैं और पहले भी ऐसी घटनाएं होते-होते बची हैं। उन्होंने बताया कि घटना के समय कुत्तों ने बच्चे को घेरकर हमला किया, जिससे वह बुरी तरह डर गया और लगभग 3 घंटे तक रोता रहा।
परिवार का कहना है कि इलाके में 8 से 10 कुत्तों का झुंड रहता है, जो अक्सर बच्चों पर भौंकने और हमला करने की कोशिश करते हैं। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका से मांग की है कि इन आवारा कुत्तों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर ले जाया जाए, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
