“काम ही बोलता है, पैसा आता-जाता रहता है” विधायक
अपने संबोधन में विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने कहा कि उनकी असली ताकत जनता का विश्वास और कार्यकर्ताओं का समर्थन है। उन्होंने भावुक स्वर में कहा, “मैं बार-बार कहता हूं कि काम करिए, क्योंकि काम ही बोलता है। पैसा आता है और जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि वे साधारण परिवार से आते हैं और भाजपा कार्यकर्ताओं के सहयोग और जनता के आशीर्वाद से ही विधायक बने हैं। इस दौरान उन्होंने मंच से अपने राजनीतिक सफर को याद करते हुए कई अनुभव साझा किए।
विकास कार्यों पर चर्चा, सुझावों की अपील
विधायक ने अपने कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों की जानकारी भी दी और कहा कि किसी भी क्षेत्र का विकास अकेले संभव नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध नागरिकों से अपील की कि वे मैहर के विकास के लिए अपने सुझाव और विचार साझा करें। उन्होंने कहा कि जो भी सकारात्मक सुझाव आएंगे, उन पर पूरी ईमानदारी और गंभीरता से काम किया जाएगा।
पारदर्शिता और सेवा पर जोर
अपने संबोधन में विधायक ने पारदर्शिता और ईमानदारी को अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि समाज में कई बार नकारात्मक सोच विकास को रोकती है, इसलिए सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ना जरूरी है।
उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि वे हमेशा उपलब्ध रहेंगे और क्षेत्र के विकास के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करते रहेंगे।
कार्यक्रम में दिखा उत्साह
इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान विकास कार्यों पर चर्चा हुई और आगामी योजनाओं को लेकर भी विचार साझा किए गए।
मैहर विधायक का यह कार्यक्रम न केवल उनके दो साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड रहा, बल्कि उनके भावुक संबोधन ने राजनीतिक और सामाजिक जुड़ाव की एक अलग तस्वीर भी पेश की।
