7 चेकबुक व तीन मंहगे मोबाइल बरामद,आयकर विभाग ने संभाली जांच
झांसी। पुलिस द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नवाबाद पुलिस एवं आयकर विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 75 लाख रुपये की नकदी, मोबाइल फोन, चेकबुक और एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की गई।

नवाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव के अनुसार 09 मई 2026 की रात्रि लगभग 10:30 बजे थाना नवाबाद पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक संदिग्ध व्यक्ति भारी मात्रा में नकदी लेकर क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर थाना नवाबाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आकाश चतुर्वेदी पुत्र महेंद्र चतुर्वेदी निवासी ग्राम चिपलोठा थाना बरुआसागर, हाल निवासी नगरिया कॉलोनी कम्बल मील के पास थाना नवाबाद को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान उसकी स्कूटी होंडा एक्टिवा नंबर यूपी 93 सीके 6747 से दो बैग बरामद हुए। एक काले रंग के बैग में विभिन्न मूल्य के नोटों सहित 15 लाख 47 हजार 60 रुपये मिले, जबकि दूसरे हरे रंग के थैले से 500 रुपये के नोटों के 24 बंडल बरामद हुए जिनकी कुल कीमत 60 लाख रुपये बताई गई। दोनों बैगों से कुल 75 लाख 47 हजार 60 रुपये नकद बरामद किए गए।
इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन महंगे मोबाइल फोन भी बरामद किए, जिनमें एक सैमसंग S-24 अल्ट्रा, एक वन प्लस 12-R तथा एक वन प्लस नोर्ड CE-2 लाइट शामिल हैं। साथ ही विभिन्न बैंकों की सात चेकबुक और पांच एटीएम कार्ड भी मिले।
पूछताछ के दौरान आकाश चतुर्वेदी बरामद नकदी के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने पूरी बरामदगी का विवरण तैयार कर आयकर विभाग को जांच हेतु सूचना दी। मौके पर पहुंचे आयकर विभाग के अधिकारियों ने नकदी, मोबाइल फोन, चेकबुक एवं एटीएम कार्ड को अपनी सुपुर्दगी में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थाना नवाबाद से उपनिरीक्षक दीपक तोमर, उपनिरीक्षक मोहित यादव सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे। वहीं आयकर विभाग की ओर से आयकर निरीक्षक वीरेश कुमार एवं कार्यालय अधीक्षक दिनेश कुमार ने कार्रवाई में सहयोग किया।
