झांसी। शहर में किन्नरों के दो गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई अब खुलकर सड़क पर आ गई है। शुक्रवार को पांच टोलियों के किन्नरों ने विरोधी गुट पर हमला, धमकी और जबरन इलाके पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पहले नवाबाद थाने के बाहर प्रदर्शन हुआ, फिर किन्नर SSP कार्यालय पहुंच गए और धरने पर बैठ गए।
पुलिस पर एफआईआर दर्ज न करने का आरोप
किन्नरों ने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। प्रदर्शन के दौरान कई किन्नरों ने चेतावनी दी कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो वे आत्महत्या जैसा कदम उठाने को मजबूर होंगे।
शादी समारोह में हमला करने का आरोप
किन्नर गुरु बबली नायक ने बताया कि शुक्रवार सुबह वे शिवाजी नगर इलाके में एक शादी समारोह में बधाई मांगने गई थीं। आरोप है कि तभी विरोधी गुट के लोग बाउंसरों के साथ पहुंचे और हॉकी-डंडों से हमला कर दियाहमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई किन्नरों को जान बचाकर भागना पड़ा।
‘तमंचा लगाकर जान से मारने की कोशिश’
आइना किन्नर ने आरोप लगाया कि गुरुवार को रक्सा थाना क्षेत्र में करौंदी माता मंदिर के पास विरोधी गुट ने उन्हें घेर लिया। उनके मुताबिक, आरोपियों ने माथे पर तमंचा अड़ाकर जान से मारने की कोशिश की। किसी तरह खेतों की तरफ भागकर उन्होंने अपनी जान बचाई।
इलाके को लेकर बढ़ा विवाद
किन्नरों के मुताबिक, शहर में अलग-अलग गुरुओं के बीच बधाई मांगने के क्षेत्र पहले से तय हैं। हर टोली को अलग-अलग इलाके दिए गए हैं, ताकि विवाद न हो प्रदर्शन कर रहे किन्नरों का आरोप है कि एक नया गुट पूरे शहर में कब्जा करना चाहता है और दूसरे समूहों को किसी भी इलाके में बधाई नहीं लेने दे रहा।
‘रोजी-रोटी छीनी जा रही’
किन्नर गुरु बबली नायक ने कहा कि वर्षों से तय व्यवस्था को अब दबंगई के जरिए तोड़ा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोधी गुट गुंडों और बाउंसरों के दम पर उनकी रोजी-रोटी छीनना चाहता है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
