आक्रोशित छात्र बैठे धरने पर, कुलसचिव ने लगाई सुरक्षाकर्मियों को फटकार,जांच के आदेश
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में गुरुवार को लॉ के छात्र-छात्राओं और सिक्योरिटी गार्ड्स के बीच विवाद के बाद जमकर हंगामा हो गया। आरोप है कि सिक्योरिटी गार्ड्स ने छात्रों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, लात-घूंसे बरसाए और छात्राओं से भी अभद्रता की। घटना में कई छात्र घायल हो गए। इसके विरोध में लॉ स्टूडेंट्स यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए और नारेबाजी शुरू कर दी।

विश्वविद्यालय के नए परीक्षा भवन में लॉ के छठे सेमेस्टर के छात्रों का लेबर लॉ विषय का पेपर था। परीक्षा समाप्त होने के बाद कुछ छात्र अपने मोबाइल फोन लेने के लिए परीक्षा केंद्र के बाहर खड़े थे। छात्रों का कहना है कि तीन-तीन छात्रों ने एक बैग में मोबाइल जमा किए थे और टोकन उनके साथी के पास था, इसलिए वे बाहर इंतजार कर रहे थे।
इसी दौरान सिक्योरिटी गार्ड्स वहां पहुंचे और छात्रों को हटाने लगे। छात्रों ने जब पूरी बात समझाने की कोशिश की तो गार्ड कथित तौर पर अभद्रता करने लगे। विवाद बढ़ने पर कई गार्ड एकत्र हो गए और छात्रों के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि छात्रों को दौड़ाकर पीटा गया और धक्का-मुक्की भी की गई। घटना के वीडियो भी छात्रों ने बनाए, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
छात्रा बुशरा शेख और अनुष्का ने आरोप लगाया कि गार्ड्स ने उनकी बात सुनने के बजाय बदसलूकी की और छात्रों पर हमला कर दिया। वहीं छात्र मानव श्रीवास ने बताया कि वह अपने दोस्त का इंतजार कर रहे थे, जिसके पास मोबाइल का टोकन था। इसी बात को लेकर गार्ड्स से बहस हुई और बाद में उनके साथी रोहित पाठक को थप्पड़ मार दिया गया। इसके बाद कई गार्डों ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी।
घटना के बाद बड़ी संख्या में लॉ स्टूडेंट्स यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट पर पहुंच गए और धरना शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस और केंद्राधीक्षक डॉ. संतोष पांडेय मौके पर पहुंचे, लेकिन छात्र कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। छात्रों ने कुलपति को मौके पर बुलाने, दोषी गार्ड्स को तत्काल निलंबित करने और परीक्षा के दौरान पुलिस तैनात करने की मांग रखी।
कुलसचिव ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
मामला बढ़ने पर सूचना मिलते ही कुलसचिव ज्ञानेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। छात्रों ने उन्हें मारपीट के वीडियो दिखाए, जिसके बाद उन्होंने सिक्योरिटी इंचार्ज को फटकार लगाते हुए जांच के आदेश दिए। रजिस्ट्रार ने कहा कि दोषियों के खिलाफ दो से तीन दिन में सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के आश्वासन के बाद छात्रों का गुस्सा शांत हुआ।
