लखनऊ। राजधानी लखनऊ में रोडरेज का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहीद पथ पर देर शाम होंडा सिटी कार सवार युवकों ने ऑल्टो चालक को बीच सड़क पर रोककर न सिर्फ जमकर पीटा, बल्कि उसे कार से घसीटते हुए मारपीट की और वाहन में तोड़फोड़ भी की। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना शहीद पथ स्थित लक्ष्य प्लाजा के सामने की है। पीड़ित की पहचान ज्ञानेंद्र कुमार यादव के रूप में हुई है, जो चिनहट के रहने वाले हैं। जानकारी के मुताबिक, वे अपनी ऑल्टो कार से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में होंडा सिटी सवार युवकों से उनकी कहासुनी हो गई।
बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत रमाबाई पुलिस चौकी के पास हुई। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित की कार का पीछा किया और कुछ दूरी पर पहुंचकर ओवरटेक कर जबरन गाड़ी रुकवा दी। जैसे ही कार रुकी, युवक बाहर निकले और ज्ञानेंद्र को जबरदस्ती कार से खींचकर सड़क पर गिरा दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने पीड़ित को बाल पकड़कर घसीटा और बेरहमी से पीटा। इतना ही नहीं, उन्होंने ऑल्टो कार के शीशे भी तोड़ दिए। बीच सड़क इस तरह की हिंसा से वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई, लेकिन किसी ने भी बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं दिखाई।
घटना का वीडियो मौके पर मौजूद एक राहगीर ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह युवक खुलेआम कानून को चुनौती देते हुए मारपीट कर रहे हैं।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। पीजीआई पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। घायल को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
यह घटना एक बार फिर बताती है कि सड़कों पर छोटी-सी बहस किस तरह खतरनाक रूप ले सकती है। ऐसे मामलों में संयम और कानून का पालन ही सबसे जरूरी है, वरना एक पल का गुस्सा गंभीर अपराध में बदल सकता है।
