बबीना (झांसी)। बबीना क्षेत्र में सुबह से लापता हुई 8 वर्षीय बच्ची को पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्रवासियों ने सराहना की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बच्ची सुबह घर से सामान लेने के लिए दुकान पर गई थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी, जिससे परिजन चिंतित हो गए। मामले की सूचना मिलते ही बबीना पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए बच्ची की तलाश शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बच्ची अपने ननिहाल, ग्राम ग्वावली चली गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत वहां पहुंची और बच्ची को सकुशल बरामद कर उसकी मां के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस ने परिजनों को पहले ही भरोसा दिलाया था कि बच्ची को जल्द तलाश लिया जाएगा, जिस पर वह खरी उतरी। इस सराहनीय कार्य के लिए स्थानीय लोगों ने बबीना पुलिस की प्रशंसा की।
