झांसी। बड़ा बाजार क्षेत्र में नगर निगम द्वारा आज अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाया गया। नगर आयुक्त और व्यापारिक संगठनों के बीच पूर्व में बनी सहमति का असर आज जमीनी स्तर पर साफ दिखाई दिया, जब व्यापारियों के सहयोग से अवैध पटरी और दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया।
अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने सड़क और फुटपाथ पर फैले सामान को हटवाया तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई करते हुए कुल ₹20,000 का जुर्माना वसूला। इसके साथ ही डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन व्यवस्था के तहत दुकानदारों से ₹5,000 का यूजर चार्ज भी संग्रहित किया गया।
नगर निगम ने कार्रवाई के दौरान मुनादी कराकर व्यापारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि यह अभियान शहर को सुव्यवस्थित और स्वच्छ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
व्यापारियों ने भी नगर निगम की कार्रवाई में सहयोग किया और शहर को बेहतर बनाने के लिए नियमों का पालन करने का आश्वासन दिया। नगर निगम प्रशासन ने साफ किया है कि ऐसे अतिक्रमण विरोधी अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
