हादसे में इको वैन के उड़े परखच्चे, वैन काटकर निकाले गए शव
हादसे में तीन अन्य बाराती भी घायल,दुल्हन की नहीं हो सकी विदाई
भाई और रिश्तेदार के शव देख रो पड़ा दूल्हा
हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में कुरारा थाना क्षेत्र स्थित कानपुर-सागर नेशनल हाइवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने ईको वैन में टक्कर मार दी जिससे वैन में सवार दूल्हे के भाई समेत चार लोगों की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई है। हादसे में तीन अन्य बराती भी घायल हुए है जिन्हें कानपुर रेफर किया गया है। हादसा इतना बीभत्स था कि वैन पूरी तरह से पिचक गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह वैन में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। सूचना पाते ही डीएम अभिषेक गोयल व एसपी मृगांग शेखर पाठक मौके पर पहुंचे। हादसे में चार लोगों की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गई है और गमगीन माहौल के चलते दुल्हन की विदाई भी नहीं हो सकी।

हमीरपुर जिले के कुरारा थाना क्षेत्र के डामर गांव निवासी रमाकांत कुशवाहा की शादी महोबा जिले के कबरई थाना क्षेत्र के पहरा गांव निवासी संतराम कुशवाहा पुत्र करन की पुत्री अंजू के साथ तय हुई थी। सोमवार की रात बारात गांव से निकासी के बाद निजी वाहनों से कबरई जा रही थी। दूल्हे का भाई शशिकांत उर्फ आशीष (२२) अपने रिश्तेदारों के साथ गांव के कमलेश यादव की ईको वैन से बारात जा रहा था। जैसे ही इको वैन मौदहा कोतवाली क्षेत्र के छिरका गांव के पास पेट्रोलपंप के सामने पहुंची तो कबरई से कानपुर जा रहे गिट्टी से लदे ट्रक ने वैन में टक्कर मार दी जिससे वैन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में डामकर गांव निवासी शशिकांत उर्फ आशीष, मोहन पुत्र रामसेवक, कमल यादव व रिठारी गांव निवासी जितेन्द्र की मौके पर मौत हो गई वहीं उरदना गांव निवासी दिलीप कुमार पुत्र गणेश, तिन्दुही गांव निवासी रोहित पुत्र राधेश्याम व डामर गांव निवासी बाबू गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाते ही मौदहा कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वैन में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया जहां हालत नाजुक होने पर तीनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।

हादसे के बाद मौके पर ही ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। हादसे में चार लोगों की मौत से दूल्हा रो पड़ा। वही गांव में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने बताया कि शादी की रस्में सादगी के साथ संपन्न कराई गई है लेकिन दुल्हन की विदाई नहीं कराई जा सकी। हादसे में चार लोगों की मौत से डामर गांव में मातम छा गया है। डीएम अभिषेक गोयल ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत हुई है वहीं तीन अन्य बाराती घायल हुए है। हादसे के बाद ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है। शवों को कब्जे में लेकर पुलिस पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई कर रही है।
