नई दिल्ली। भाजपा नेता बृजभूषण सिंह के सांसद बेटे करण भूषण सिंह ने करीब 70 लाख रुपये की लागत से तीन मिनी बसें खरीदी हैं। खास बात यह है कि वह खुद ड्राइव कर इन बसों में अपने गनर और स्टाफ को लेकर कार्यक्रमों में पहुंच रहे हैं। इन बसों का नाम उन्होंने “हनुमान रथ” रखा है। इससे पहले वह लैंड क्रूजर, फॉर्च्यूनर और एंडेवर जैसी लग्जरी गाड़ियों के काफिले से चलते थे, लेकिन अब उन्होंने सादगी की ओर कदम बढ़ाने की बात कही है।
इसी बीच प्रदेश के कई अन्य भाजपा नेताओं ने भी वैकल्पिक और सादगीपूर्ण परिवहन अपनाना शुरू कर दिया है। एटा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी ई-रिक्शा से कार्यालय पहुंचे, जबकि बिजनौर विधायक अशोक कुमार राणा ने तांगा चलाना शुरू किया। भदोही सांसद डॉ. विनोद बिंद भी ई-रिक्शा से अस्पताल पहुंचे और लोगों से छोटी दूरी के लिए सार्वजनिक या इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल की अपील की।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल-डीजल बचत की अपील और राज्य सरकार के ऊर्जा संरक्षण फैसलों के बाद यह बदलाव देखने को मिल रहा है। सरकार ने मंत्रियों और विधायकों के काफिले में कटौती, पब्लिक ट्रांसपोर्ट के इस्तेमाल और वर्चुअल मीटिंग्स को बढ़ावा देने जैसे कई कदम लागू किए हैं।
इसी कड़ी में कई अन्य नेता भी सामने आए हैं। फिरोजाबाद की महापौर कामिनी राठौर स्कूटी से नगर निगम पहुंचीं, सांसद रवि किशन ने कारपूलिंग की, जबकि लखनऊ में मंत्री दानिश आजाद बुलेट बाइक से सचिवालय पहुंचे। इन घटनाओं के जरिए जनप्रतिनिधि ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहे हैं।
