सुचितापूर्ण परीक्षा सम्पन्न कराने को प्रशासन ने कसी कमर
झांसी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा 14 व 15 मार्च 2026 को जनपद के 28 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। दोनों दिनों में कुल 9120 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं नोडल अधिकारी शिव प्रताप शुक्ला ने सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाए।उन्होंने बताया कि 14 मार्च को प्रथम पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक परीक्षा होगी। इसी प्रकार 15 मार्च को भी दोनों पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को प्रथम पाली के लिए सुबह 8 बजे से 9:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली के लिए दोपहर 1 बजे से 2:30 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा, इसके बाद किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव, कैमरा, काला चश्मा, बैग, घड़ी, खाने-पीने का सामान समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। परीक्षा कक्ष में केवल पेन, प्रवेश पत्र और मूल पहचान पत्र ही ले जाने की अनुमति होगी। नियमों का उल्लंघन करने पर अभ्यर्थी को परीक्षा से डिबार करते हुए अभ्यर्थन निरस्त कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह, लखनऊ बोर्ड से पुलिस अधीक्षक राम अर्ज, सहायक आयुक्त उद्योग प्रज्ञा वर्मा तथा जिला विद्यालय निरीक्षक रति वर्मा सहित पुलिस अधिकारी, सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा सभी केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।
व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए
एडीएम ने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा, वॉइस रिकॉर्डर, बिजली, पेयजल, शौचालय और रैंप की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अभ्यर्थियों के सामान अलग कक्ष में जमा कराने और परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला शिक्षिकाओं द्वारा कराने के भी निर्देश दिए गए।
