झांसी व उरई में पति-पत्नी पर कुल 11 मुकदमे दर्ज,किसी को बालू घाट तो किसी से नौकरी के नाम पर ठगी
झांसी। आम लोगों को रुपये कमाने का लालच देकर ठगी करने के मामले में नवाबाद थाना पुलिस ने दो साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी और उसकी पत्नी को पंजाब के मोहाली से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर 2024 को उरई निवासी ओमप्रकाश वर्मा ने नवाबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि डॉ. बीरेन्द्र सिंगरिया और उसकी पत्नी पूजा शर्मा ने एक्स-रे/पैथोलॉजी लैब में पार्टनरशिप का झांसा देकर फर्जी दस्तावेज व डीड तैयार कर उनसे और उनकी पुत्रवधू से कुल 25 लाख रुपये हड़प लिए। रुपये वापस मांगने पर भी आरोपियों ने भुगतान नहीं किया। शिकायत के आधार पर नवाबाद थाने में धारा 420 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ उनके अस्पताल विद्या हेल्थ केयर, शिवाजीनगर के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी कर रुपये लेने के संबंध में झांसी के विभिन्न थानों में भी मुकदमे दर्ज हैं। लंबे समय से फरार चल रहे बीरेन्द्र सिंगरिया पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
25 सितंबर को नवाबाद पुलिस को सर्विलांस सेल की मदद से आरोपियों की लोकेशन मोहाली, पंजाब में मिली। पुलिस टीम ने 290, सेक्टर-77, मोहाली पहुंचकर बीरेन्द्र सिंगरिया (36) और उसकी पत्नी पूजा शर्मा (30) को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव ने बताया कि बीरेन्द्र के खिलाफ झांसी और जालौन में धोखाधड़ी, अमानत में खयानत, जालसाजी समेत विभिन्न धाराओं में सात मुकदमे दर्ज हैं। पूजा शर्मा के खिलाफ भी चार मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक दीपक तोमर, सर्विलांस टीम समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।
अन्य लोगों ने भी लगाए आरोप
थाना नवाबाद पहुंचे भगवंतपुरा निवासी भरत ने बताया कि उसके समेत 40-50 लोगों के नौकरी के नाम पर लाखों रुपये लिए हैं। साथ ही थाने पहुंचे राजकुमार स्वर्णकार ने बताया कि बालू घाट में पार्टनर बनाने के नाम पर लाखों की ठगी की और कुछ भी वापस नहीं दिया।
