प्लाण्ट को बन्द करने का दिया नोटिस,एक माह में प्रस्तुत करने होंगे वैध दस्तावेज
झांसी। बिना दस्तावेजों के अवैध रूप से भारी मात्रा में भूगर्भ जल का दोहन कर आर ओ प्लांट लगाकर पानी का व्यापार करने वाले रक्सा के कारोबारी के यहाँ भूगर्भ जल विभाग व प्रदूषण विभाग ने छापा मारा। दस्तावेज माँगने पर प्लाण्ट मालिक पर्याप्त कागजात नहीं दिखा सका। इस पर दोनों विभाग के अधिकारियों ने भूगर्भ जल के व्यापार पर रोक लगा दी। साथ ही एक माह के अन्तराल में पर्याप्त साक्ष्य की माँग की गई है।
ग्राम पंचायत रक्सा के प्रधान राजेन्द्र सिंह राजपूत ने मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद को 6 मार्च को शिकायत करते हुए बताया था कि उनकी पंचायत में परमार ट्रेडर्स द्वारा बिना प्रपत्र ओर मानकों के विपरीत शुद्ध पेयजल के नाम से भूगर्भ जल का दोहन कर आर ओ प्लांट प्लाण्ट के माध्यम से पानी का व्यापार किया जा रहा। इससे सम्बन्धित क्षेत्र में भूगर्भ जल की कमी हो सकती है। कारण है कि उक्त क्षेत्र में भूगर्भ जल की स्थिति ठीक नहीं है। इससे भविष्य में रक्सा का उक्त क्षेत्र ब्लैक घोषित कर दिया जाएगा।
ग्राम प्रधान ने सम्बन्धित आरओ प्लाण्ट संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की भी माँग की थी। शिकायत के बाद मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर आज भूगर्भ जल विभाग की टीम व प्रदूषण नियन्त्रण बोर्ड की टीम ने रक्सा पहुँच कर परमार ट्रेडर्स पर बेसमेंट में चल रहे शुद्ध पेयजल आरओ प्लांट पर छापा मारा। यहाँ टीम ने मशीनों की जाँच पड़ताल की। इस दौरान सारे मानक पूरे नहीं पाए गए। साथ ही मौके पर प्रदूषण नियंत्रण विभाग और भूगर्भ जल विभाग की अनुमति प्रपत्र माँगा, तो संचालक नहीं दिखा सके। इस पर भूगर्भ जल विभाग ने संचालक को तीस दिन के अंदर प्रदूषण विभाग व भूगर्भ जल विभाग की अनुमति लेकर ही आर ओ प्लांट संचालन करने निर्देश देते हुए नोटिस थमा दिया है।
भूगर्भ जल व प्रदूषण विभाग की नहीं थी एनओसी
भूगर्भ जल विभाग के अधिकारी सहायक भू भौतिक विद ( नोडल अधिकारी) मनीष कुमार कनौजिया ने बताया कि मानक पूरे न होने के कारण परमार ट्रेडर्स को अपना कारोबार एक माह के लिए बन्द करने का नोटिस देते हुए प्रदूषण नियन्त्रण बोर्ड व भूगर्भ जल विभाग की एनओसी प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। अगर एक माह में कारोबारी एनओसी प्रस्तुत नहीं करता है, तो प्लाण्ट को सीज करते हुए संचालक के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।
पर्याप्त दस्तावेज हैं प्रस्तुत करेंगे : कृष्ण प्रताप
परमार ट्रेडर्स के संचालक कृष्ण प्रताप सिंह ने बताया कि प्लाण्ट पर भूगर्भ जल विभाग व प्रदूषण नियन्त्रण बोर्ड की टीम आई थी। एकाएक टीम ने दस्तावेज माँगे थे। दस्तावेज मौके पर न होने के कारण प्रस्तुत नहीं कर सके। विभाग ने एक माह का नोटिस दिया है। समय से वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर दिए जाएंगे।
