गैस सिलेंडर के दामों में आई उछालऔर गैस की किल्लत के विरोध में आम आदमी पार्टी का विरोध प्रदर्शन
कहा- होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े लाखों कारोबारियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट
झांसी। देश में लगातार बढ़ती महंगाई, एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि और गैस सिलेंडर की बेहद किल्लत के चलते आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आवाह्न पर केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के विरोध में आज सम्पूर्ण प्रदेश में आम आदमी पार्टी, उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न जिलों में जिला कलेक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन किया गया। झांसी जिलाध्यक्ष अरसद खान के हाउस अरेस्ट होने के बाद अन्य कार्यकर्ताओं ने महानगर अध्यक्ष ग्यादीन कुशवाहा के नेतृत्व में जिला कलेक्ट्रेट पहुंच कर विरोध प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। पार्टी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण आज देश की आम जनता न केवल महंगाई और आर्थिक संकट से जूझ रही है, बल्कि गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत के चलते एक बार फिर लाइनों में लगने को मजबूर हो गई। जिसका सबसे बड़ा बोझ गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है।
इस मौके पर महानगर अध्यक्ष ने कहा कि हाल ही में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में ₹60 तथा कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में ₹120 की वृद्धि ने आम जनता और छोटे व्यापारियों की मुश्किलों को और बढ़ा दिया है। होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े लाखों छोटे कारोबारियों के सामने आज गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। देश के कई हिस्सों से होटल और छोटे व्यवसायों के बंद होने की खबरें सामने आ रही हैं, जो सरकार की नीतियों की विफलता को उजागर करती हैं। आम आदमी पार्टी का आरोप है कि अमेरिका के दबाव में रूस से सस्ता तेल खरीदने में कमी करने के कारण देश को लगभग 8 लाख करोड़ रुपये का वार्षिक आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिसका सीधा असर देश की जनता पर महंगाई के रूप में पड़ रहा है।
जिलाध्यक्ष व्यापार प्रकोष्ठ राजेश भदौरिया ने आरोप लगाया कि गैस और ऊर्जा क्षेत्र में कुछ निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने वाली नीतियों के कारण गैस की कीमतों में कई जगहों पर कई गुना वृद्धि देखने को मिल रही है।
किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव भवजीत सरना ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में हजारों छोटे व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं और उद्योग बंद होने की स्थिति पैदा हो रही है।
पार्टी ने राष्ट्रपति के नाम दिए गए ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में की गई हालिया वृद्धि को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए, पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए पारदर्शी नीति लागू की जाए, गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी दी जाए तथा बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण के लिए केंद्र सरकार स्पष्ट और जवाबदेह नीति घोषित करे। यदि केंद्र सरकार ने बढ़ती महंगाई और गैस की कीमतों के मुद्दे पर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो पार्टी देशभर में जन आंदोलन तेज करने के लिए बाध्य होगी।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष ग्यादीन कुशवाहा, व्यापार प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष राजेश भदौरिया, प्रांतीय सचिव पुत्तू सिंह कुशवाहा, किसान प्रकोष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी परवेज, प्रदेश सचिव भवजीत सरना, जिला महासचिव आशीष तिवारी, महानगर महासचिव नीलम चौधरी, जिला उपाध्यक्ष तुलसी दास कुशवाहा, साजिद निसार, विनोद शर्मा, हनीफ खान, इंजिनियर राजकुमार राव, महानगर उपाध्यक्ष इम्तियाज खान, सतीश राय, बिहारी लाल आदि उपस्थित रहे।
