प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में होली के त्योहार के बाद काम पर लौट रहे यात्रियों की भारी भीड़ रेलवे स्टेशनों पर देखने को मिल रही है। शुक्रवार से रविवार तक के तीन दिन रेलवे और यात्रियों दोनों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित होंगे।
रेलवे सूत्रों के अनुसार दिल्ली मुंबई और पुणे जैसे बड़े शहरों की ओर जाने वाली अधिकांश ट्रेनों में कन्फर्म सीटें उपलब्ध नहीं हैं। करीब दो दर्जन प्रमुख ट्रेनों में रिग्रेट की स्थिति बनी हुई है यानी वेटिंग टिकट भी उपलब्ध नहीं हैं।
प्रयागराज से दिल्ली जाने वाली तेजस राजधानी एक्सप्रेस में थर्ड एसी के लिए 10 मार्च तक रिग्रेट है जबकि फर्स्ट एसी में 9 मार्च तक सीटें उपलब्ध नहीं हैं। शिवगंगा एक्सप्रेस और आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस में भी इसी तरह की स्थिति है।
नई शुरू हुई अमृत भारत एक्सप्रेस में 15 मार्च तक कोई सीट उपलब्ध नहीं है। प्रयागराज एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में 157 यात्रियों की वेटिंग है जबकि फर्स्ट और थर्ड एसी में रिग्रेट की स्थिति बनी हुई है।
बनारस नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस और मगध एक्सप्रेस में स्लीपर कोच की वेटिंग संख्या 150 के पार पहुंच चुकी है। शाम में चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में रविवार तक वेटिंग सूची लगभग 300 तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं सूबेदारगंज से चलने वाली जम्मू मेल और नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस के सभी कोचों में 8 मार्च तक रिग्रेट लग चुका है।
