हैदराबाद सनराइजर्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच चल रहे आईपीएल मैच पर लगा रहा था दांव
झांसी। थाना नवाबाद पुलिस ने आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त अभिषेक कुमार मित्तल ( 37 वर्ष), निवासी अमान का बगीचा, बड़ागांव गेट बाहर, कोतवाली क्षेत्र, को गिरफ्तार किया गया। वह हैदराबाद सनराइजर्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच चल रहे आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगा रहा था।
अभियुक्त के कब्जे से एक HONOR कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसमें सट्टा संबंधी वेबसाइट संचालित मिल रही थी। साथ ही दो बैगों से कुल ₹3,00,920 नकद भी बरामद किए गए।
इस संबंध में थाना नवाबाद में जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।
इनका है कहना
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी नगर लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि थाना नवाबाद पुलिस द्वारा आईपीएल मैच के दौरान सनराइज़र्स हैदराबाद एवं चेन्नई सुपर किंग्स के मध्य खेले जा रहे मैच पर ऑनलाइन सट्टा खेलते हुए 01 अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से एक मोबाइल फोन एवं दो काले रंग के बैग में कुल ₹3,00,920/- नगद बरामद हुए। उक्त संबंध में अभियुक्त के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
