झांसी/ललितपुर। सांसद अनुराग शर्मा ने नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से शिष्टाचार भेंट कर झांसी-ललितपुर संसदीय क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण को लेकर विस्तृत और सार्थक चर्चा की।
इस दौरान सांसद अनुराग शर्मा ने क्षेत्र में बढ़ती यातायात समस्या के समाधान के लिए झांसी के हसारी रोड पर प्रस्तावित फोर-लेन रेलवे ओवरब्रिज के शीघ्र निर्माण तथा उसकी वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।
उन्होंने संसदीय क्षेत्र में लंबे समय से लंबित अन्य रेलवे ओवरब्रिजकार्यों को भी प्राथमिकता के साथ गति देने की मांग रखी, जिससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाया जा सके। इसके अतिरिक्त सांसद ने ललितपुर में ट्रेनों की बेहतर साफ-सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘कोच वाशिंग पिट लाइन’ की स्थापना की मांग भी प्रमुखता से उठाई, ताकि यात्रियों को स्वच्छ एवं बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध हो सकें। सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि क्षेत्र का चहुंमुखी विकास और आमजन की सुविधा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। झांसी-ललितपुर संसदीय क्षेत्र के समग्र विकास और स्वर्णिम भविष्य के लिए वे निरंतर प्रतिबद्धता के साथ प्रयासरत हैं।
