झांसी। 14 एवं 15 मार्च 2026 को आयोजित उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (UP SI) भर्ती परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी विभिन्न स्थानों से झांसी मंडल क्षेत्र में पहुंचे। परीक्षार्थियों की सुविधा एवं सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए झांसी मंडल द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गईं तथा आवश्यकतानुसार विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया। भीड़ की स्थिति को देखते हुए कुछ गाड़ियों का संचालन परिवर्तित समय पर भी किया गया, जिससे अभ्यर्थियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मंडल रेल प्रबंधक/झांसी अनिरुद्ध कुमार के निर्देशन में पूरी व्यवस्था को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया गया। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, महोबा, उरई, एट, कालपी, पुखरायां, भीमसेन सहित प्रमुख स्टेशनों पर परीक्षार्थियों की सुविधा के दृष्टिगत प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर तथा प्रवेश/निकास द्वारों पर विशेष व्यवस्थाएं की गईं। मंडल स्तर पर स्थापित वार रूम से प्रमुख स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भीड़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी गई तथा अधिकारियों द्वारा प्लेटफॉर्म एवं यात्री आवागमन का सतत अवलोकन किया जाता रहा।

इस दौरान झांसी मंडल से अवश्यकता अनुसार एग्जाम विशेष गाड़ियों का संचालन किया गया :
वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी – कानपुर एग्जाम स्पेशल, प्रस्थान समय 13:30 बजे। (ठहराव – एट, उरई, कालपी, पुखरायां, भीमसेन)
महोबा – मानिकपुर एग्जाम स्पेशल, प्रस्थान समय 18:30 बजे। (ठहराव – बाँदा, अतर्रा, चित्रकूट धाम कर्वी) होते हुए संचालित की गई।
इसके अतिरिक्त 64611 पैसेंजर गाड़ी से भी लगभग 700 परीक्षार्थियों ने वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से आगे की यात्रा की। अभ्यर्थियों के लिए आवश्यकतानुसार मानिकपुर की ओर जाने वाली गाड़ियों को री शेड्यूल करने के साथ ही स्पेशल गाड़ियों का संचालन किया गया।

उल्लेखनीय है कि झांसी मंडल से आवश्यकता के अनुसार अन्य गाड़ियों का संचालन एवं समय में परिवर्तन कर यात्रियों को सुविधा प्रदान की गई। परीक्षार्थियों की सहायता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) तथा राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के जवानों को प्रमुख स्टेशनों एवं ट्रेनों में तैनात किया गया। वाणिज्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा स्टेशन परिसर में यात्रियों का मार्गदर्शन किया गया तथा आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई। टिकट जांच स्टाफ एवं हेल्प डेस्क कर्मियों द्वारा भी परीक्षार्थियों को प्लेटफॉर्म, ट्रेन समय तथा अन्य आवश्यक सूचनाएं प्रदान की जाती रहीं।
रेलवे प्रशासन द्वारा अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु संचालन को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसरों में भीड़ नियंत्रण, मार्गदर्शन, स्वच्छता एवं आवश्यक सहायता के लिए सभी संबंधित विभागों को सतर्क रखा गया। सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से भी यात्रियों को लगातार आवश्यक सूचनाएं दी जाती रहीं, जिससे प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ न लगे और यातायात सुचारु रूप से संचालित होता रहे।
रेलवे का निरंतर प्रयास है कि अभ्यर्थियों को परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर बेहतर यात्रा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, जिससे वे समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचकर परीक्षा में सम्मिलित हो सकें।
