लखनऊ/झांसी। लखनऊ स्थित 5 कालीदास मार्ग पर आज झांसी नगर विधायक रवि शर्मा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने झांसी महानगर के मौजा टांकोरी, कोछाभांवर और पिछोर क्षेत्र की भूमि को आवास विकास परिषद द्वारा प्रस्तावित अधिग्रहण प्रक्रिया को निरस्त करने का अनुरोध किया।
विधायक ने मुख्यमंत्री को बताया कि उक्त क्षेत्र की भूमि अत्यंत उपजाऊ, बहुफसली और व्यावसायिक उपयोग की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, जहां सैकड़ों किसान और व्यापारी अपनी आजीविका चला रहे हैं। यह क्षेत्र नगर निगम झांसी और झांसी विकास प्राधिकरण की सीमा में आता है, जहां पहले से ही सड़क, बिजली, जलापूर्ति, बाजार और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
उन्होंने कहा कि अधिग्रहण की प्रक्रिया से उन परिवारों में चिंता और असंतोष है, जिन्होंने वैध रूप से भूमि खरीदकर वहां अपने आवास बनाए हैं। यह कदम न केवल जनभावनाओं के विपरीत है, बल्कि निवासरत लोगों की आजीविका, सुरक्षा और भविष्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। इसलिए इस प्रक्रिया को निरस्त किया जाना आवश्यक है।
इसके साथ ही विधायक रवि शर्मा ने झांसी में भगवान महावीर महातीर्थ (मेडिकल कॉलेज गेट नंबर 3 के आगे) पर 12 से 17 मई 2026 तक आयोजित भव्य धार्मिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित भी किया।
