लाल रंग की थार से अपहरण किया गया अपहृत बरामद, तमंचा व कारतूस भी बरामद
झांसी। देर रात नवाबाद थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस टीम ने मुठभेड़ के दौरान अपहरण कर्ताओं को गिरफ्तार करते हुए अपहृत युवक को मुक्त करा लिया। पुलिस टीम ने बदमाशों के कब्जे से अपहरण में प्रयुक्त लाल रंग की थार गाड़ी, तमंचा कारतूस सहित दो किशोरों को भी गिरफ्तार किया है। वहीं एक आरोपी मौके से भाग निकला। पकड़े गए बदमाशों पर पंद्रह हजार का इनाम घोषित था। आरोपियों ने दो लाख की फिरौती मांगने के लिए अपहरण की घटना को अंजाम दिया था। फिलहाल अभी भी एक आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर है।

सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि नवाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत राजपूत कॉलोनी निवासी अभय राजपूत अपने साथी राज पाठक और ऋषभ राय के साथ शनिवार को अपनी बाइक बुलेट से एकता गार्डन में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गया था। रात करीब साढ़े दस बजे वह अपने साथियों के साथ जब शादी समारोह से वापस घर जा रहा था। तभी बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के परीक्षा भवन के पास एक लाल रंग की थार गाड़ी आकर रुकी और उसमें सवार दबंगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर मचाने पर दबंगों ने तमंचे से ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग कर उनमें से एक युवक को गाड़ी में डाल लिया और उसे लेकर कानपुर हाइवे की ओर भाग गए।
सूचना पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी थी। इधर एसएसपी ने घटना को गंभीरता से लेकर पुलिस को खुलासा करने के निर्देश दिए साथ ही अपहरण कर्ताओं पर पंद्रह हजार का इनाम घोषित कर दिया था। तलाश में जुटी नवाबाद थाना और चौकी विश्वविधालय पुलिस ने देर रात पैरा मेडिकल कॉलेज के पीछे जंगल में छानबीन के दौरान संदिग्ध लोग दिखने पर उन्हें रोकने का इशारा किया। इस पर संदिग्धों ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने घेराबंदी कर आत्मरक्षा में फायरिंग कर लाल रंग की थार सवार संदिग्धों को दबोच लिया। पूछताछ में गाड़ी में सवार आरोपियों ने अपना नाम चिरगांव के बाबरी निवासी अरुण यादव, बड़ागांव के बिरगांव निवासी हर्ष यादव और दो किशोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने उनकी गाड़ी से अपहृत राज पाठक को भी बरामद कर लिया। पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि श्याम चौपड़ा के पास शनिवार देर रात उन्होंने राजपूत कॉलोनी निवासी अभय राजपूत के साथ मारपीट की थी व हवाई फायरिंग कर उसके साथी राज पाठक को अपहरण कर ले गए थे।
इस मामले में अभी एक आरोपी मध्यप्रदेश के जिला दतिया भांडेर निवासी रजत यादव फरार चल रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाल रंग की थार गाड़ी, एक तमंचा-कारतूस बरामद कर लिया। आरोपितों ने दो लाख की फिरौती मांगने के लिए अपहरण किया था।
ऑन लाइन सट्टे के लेनदेन का मामला
देर रात नवाबाद थाना क्षेत्र के श्याम चौपड़ा के पास हवाई फायरिंग, मारपीट और अपहरण की घटना ऑन लाइन सट्टे के कारोबार से जुड़ी बताई जा रही है। सूत्र बताते हैं कि हवाई फायरिंग और अपहरण करने वाले युवकों व घटना में शामिल युवकों का ऑन लाइन सट्टे का बड़ा कारोबार है। जिसके पैसे के लेनदेन में गड़बड़ी के चलते दोनों पक्षों में यह घटना हुई।
