झांसी। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना के तहत सोमवार को विकास भवन सभागार में नि:शुल्क वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता निवर्तमान भाजपा महामंत्री अमित साहू ने की।
इस दौरान उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे 11 दृष्टिबाधित दिव्यांगजनों को स्मार्टफोन तथा 37 बौद्धिक दिव्यांग बच्चों को एमआर किट वितरित की गई। मुख्य अतिथि ने लाभार्थियों को बधाई देते हुए उपकरणों का सही उपयोग कर शिक्षा व कौशल में आगे बढऩे का आह्वान किया। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कृष्ण पाल सिंह ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी, जबकि उप निदेशक शिव सिंह ने स्मार्टफोन के उपयोग से आत्मनिर्भर बनने पर जोर दिया। अंत में जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने अतिथियों व प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
