सपा की कार्यकर्ताओं को समझाइश, जब तक प्रमाण पत्र न मिले, डटे रहें

कहा,कार्यकर्ता को दिया गया प्रशिक्षण,बुन्देलखण्ड में चारों और प्रदेश में 50 सीटें जीतेगा इंडी गठबंधन

झांसी। लोकसभा चुनाव के मतगणना के एक दिन पूर्व इंडी गठबंधन ने पत्रकार वार्ता का आयोजन कर दावा किया कि बुंदेलखंड की चारों और उत्तर प्रदेश की पचास सीट इंडी गठबंधन जीत रहा है। वही उन्होंने न्यूज चैनल पर आयोजित हुए एग्जिट पोल के सर्वे को पूरी तरह से भ्रामक बताते हुए नकार दिया। कहा कि भाजपा अपने पक्ष में माहौल बना रही है। सोमवार को स्थानीय होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद डॉक्टर चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा की जिला प्रशासन व जिला निर्वाचन अधिकारियों ने लोकसभा 2024 को निष्पक्ष शांतिपूर्ण कराया है। उन्होंने कहा कि मतगणना चार जून को होना है। इसके लिए उन्होंने अपने मतगणना अभिकर्ताओं को मतगणना के लिए पूरी तैयारी कराते हुए प्रशिक्षित किया है। उन्हे समझा दिया गया है कि अंतिम समय तक टेबिल नही छोड़ना है,जब तक कि प्रमाण पत्र नही मिल जाता है।

डॉ चंद्रपाल सिंह ने एक ओर स्थानीय पत्रकारों का धन्यवाद ज्ञापित किया तो दूसरी ओर उन पर अविश्वास भी जताया। उन्होंने बीते रोज टीवी न्यूज चैनल पर दर्शाए गए एग्जिट पोल को भ्रामक बताया। उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल ने विश्वसनीयता खत्म कर दी है। यह एग्जिट पोल भ्रमित करने और भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा की जहां दस सीट हैं,वहां 13 सीट, जहां दो सीट है वहां पांच सीट जीती हुई दर्शाने वाला एग्जिट पोल भ्रमित नहीं कर रहा है तो और क्या कर रहा है।

 

उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन के झांसी-ललितपुर संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी प्रदीप जैन आदित्य भारी मतों से जीत रहे हैं। साथ ही बुंदेलखंड की चारो लोकसभा सीट इंडी गठबंधन जीतेगा। उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश में इंडी गठबंधन पचास सीट जीतेगा। उन्होंने कहा कि यह चुनाव जनता ने लड़ा है, गरीब, बेरोजगार, पिछड़ा वर्ग, दलित हर वर्ग ने इंडी गठबंधन को जिताने के लिए वोट दिया है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा ने कई बार देश का माहौल बिगाड़ने, भाई चारा समाप्त करने का प्रयास किया लेकिन जनता जाग चुकी है। इसलिए उनकी बातों में नहीं आई। वही उन्होंने कहा कि गड़बड़ी होने पर इंडिया गठबंधन का एक-एक कार्यकर्ता हर स्थिति से निपटने को तैयार है। उन्हें जिला निर्वाचन अधिकारी व प्रशासन पर पूरा भरोसा है।

 

इस दौरान इंडी गठबंधन प्रत्याशी पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, बृजलाल खाबरी,कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, समाजवादी पार्टी महानगर अध्यक्ष बृजेंद्र यादव भोजला, अधिवक्ता विवेक वाजपेई, पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव, मुकेश अग्रवाल, अमीर चन्द्र, शंभू सेन, बलवान सिंह यादव आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *