जैन तीर्थक्षेत्र करगुवांजी में पंच कल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव 10 से
झाँसी। श्री दिगम्बर जैन पंचायत समिति, पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव समिति एवं सकल दिगम्बर जैन समाज झांसी के संयुक्त तत्वावधान में दिगम्बर जैनतीर्थ क्षेत्र करगुवांजी स्थित भगवान सांवलियां पार्श्वनाथ मंदिर के पावन प्रांगण में श्रीमज्जिनेद्र 1008 नेमिनाथ स्वामी जिनबिम्ब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का पुनीत एवं भव्य आयोजन 10 दिसम्बर से 16 दिसम्बर 2023 तक होगा। यह जानकारी करगुवांजी स्थित आचार्य विद्यासागर सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में पंचकल्याणक महोत्सव समिति के पदाधिकारियों ने संयुक्त रुप से दी।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए आयोजन समिति के अध्यक्ष सेवानिवृत आईएफएस वीरेंद्र कुमार जैन ने बताया कि पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के सभी गौरवमयी पात्रों का चयन कर लिया गया है। परम पूज्य मुनिश्री अविचल सागर महाराज के पावन सानिध्य में इस पुनीत आयोजन की शुरुआत 10 दिसम्बर से ध्वजारोहण के साथ होगी, इसी दिन घटयात्रा एवं पंडाल उदघाटन होगा। पांच दिवसीय इस आयोजन में पाषाण से परमात्मा बनने की जीवंत प्रक्रिया शास्त्र सम्मत एवं विधिविधान से होगी। यह कार्यक्रम एक अवसर है जीवन को संवारने, सुधारने का और विश्व कल्याण विचारधारा की ओर बढ़ने का। जैन धर्म की मान्यता है अहिंसा परमो धर्मा, जिओ और जीने दो का संदेश देते यह पूरी प्रक्रिया 5 विभिन्न कार्यक्रम के द्वारा दर्शाई जायेगी।आपने बताया कि करगुवांजी में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अंतिम दिवस 16 दिसम्बर को गजरथ परिक्रमा उपरांत भव्य शोभायात्रा के साथ भगवान के जिन बिम्बों की संफ्रान सिटी में नव निर्मित मंदिर में स्थापना की जायेगी। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए 29 मयूर पिच्छी धारी साधु पधारेंगे साथ ही समूचे बुंदेलखण्ड से जैन समाज के अलावा हजारों श्रद्धालु आयेंगे जिनके खाने पीने एवं ठहरने की व्यवस्थायें आयोजन समिति द्वारा की जा रही हैं।इस मौके पर आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने मांगलिक कार्यक्रम विवरण पत्रिका का विमोचन भी किया गया।
आपको बताते चलें कि संफ्रान सिटी में बनाये गये मंदिर में अयोध्या में बनने वाले राम मंदिर में इस्तेमाल हो रहे गुलाबी पत्थरों के समान पत्थरों को लगाया गया है। पत्रकार वार्ता के दौरान आयोजन समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार जैन( आईएसएफ सेवा निवृत), महामंत्री राजेश जैन पूर्व पार्षद, मुख्य संयोजक इंजी. हुकुमचंद्र जैन, स्वागताध्यक्ष प्रवीण कुमार जैन पत्रकार,कमल जैन पत्रकार, एडवोकेट शिरोमणि जैन, राजकुमार जैन बाबा, अशोक जैन जैनिथ एवं सुभाष जैन सत्यराज मौजूद रहे।