जिले के 213 डाकघरों से खरीदे जा सकते है राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा

मुख्यालय में हेड पोस्ट ऑफिस सहित 36 उप डाकघर एवं 176 शाखा डाकघर ग्रामीण क्षेत्र में होगा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा का विक्रय

झांसी। कलेक्ट्रेट में जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने जनपद वासियों से अपील करते हुए कहा कि अमृत महोत्सव के अंतर्गत विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। 13 से 15 अगस्त तक शत प्रतिशत नागरिक अपने घरों में तिरंगा फहराया जाना सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में लगभग 03 लाख से अधिक राष्ट्रीय ध्वज को फहराए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। समस्त विभागीय अधिकारी अपने लक्ष्य के अनुसार डाकघरों से राष्ट्रीय ध्वज निर्धारित धनराशि में क्रय करना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिक झंडों की आपूर्ति के लिए डाकघर को पूर्व में सूचित कर दें ताकि समय से राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।

 

जनता दर्शन के दौरान बीके पांडेय प्रवर अधीक्षक डाकघर झांसी मंडल ने जिलाधिकारी को बताया कि डाक विभाग आजादी का अमृत महोत्सव के अन्तर्गत विगत वर्ष की भाँति इस वर्ष भी हर घर तिरंगा अभियान को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध करा रहा है। साटन व पॉलिएस्टर से निर्मित 30 इच 20 इंच आकार वाले राष्ट्रीय ध्वज विक्रय के लिए डाकघरों में उपलब्ध हैं, जिनका मूल्य रूपए 25 निर्धारित किया गया है।

 

प्रवर अधीक्षक डाकघर ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के विभिन्न विभागों को हर घर तिरंगा अभियान 2.0 के लिए झंडों की आवश्यकता है। इस सम्बन्ध में अवगत कराया गया कि डाक विभाग द्वारा वांछित संख्या में झंडों की आपूर्ति मंडल के समस्त 612 डाकघरों द्वारा चिन्हित स्थानों पर करायी जा सकती है। इस सम्बन्ध में किसी भी जानकारी अथवा सहायता के लिए एके त्रिपाठी सीनियर पोस्टमास्टर प्रधान डाकघर झांसी मोबाइल नं0 9452808518 की सहर्ष उपलब्धता रहेगी। इसके अतिरिक्त उक्त कार्य के लिए झांसी डाक मण्डल के नोडल ऑफिसर देश दीपक शुक्ला मोबाइल नं० 9453020563 भी किसी भी समस्या के समाधान के लिये सदैव उपलब्ध रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *