सपा ने साइकिल रैली निकाल भाजपा पर बोला हमला
आह्वान पत्र बांट सपा के विकास कार्य व भाजपा की विफलताओं का किया जिक्र
झांसी। समाजवादी पार्टी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष महेश कश्यप ने कार्यकर्ताओं के साथ साइकिल रैली निकालकर भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोल दिया। देश की सबसे बड़ी तहसील मऊरानीपुर में समाजवादी पार्टी के आह्वान पत्र बांटे। जिसमें भाजपा सरकार की विफलता ओर समाजवादी पार्टी के विकास कार्यो के बारे जनता को जानकारियां दी।
शनिवार की दोपहर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष महेश कश्यप ने कार्यकर्ताओं के साथ मऊरानीपुर के अम्बेडकर चैराहे से साइकिल रैली निकालकर नगर के प्रमुख चैराहों से होते हुए पूरे नगर में भ्रमण किया। साइकिल रैली के दौरान कार्यकर्ताओ द्वारा समाजवादी पार्टी के आह्वान पत्र लोगो को वितरित किये गए। जिसमे केंद्र की भाजपा सरकार के 6 वर्ष पूरे होने पर भी घोषणाओं पर खरा न उतरना बताया गया। बताया कि भाजपा ने गरीबों, किसानों और मजदूरों के हित में जो भी बड़ी-बड़ी घोषणाएं की हैं उन पर अमल नहीं हुआ है। दुनिया में भारत की जो शाख थी वह भी अब नहीं रही है। आंतरिक सुरक्षा में विफल भाजपा सरकार सीमाओं की सुरक्षा और देश की संप्रभुता को भी बचाने में असमर्थ, अक्षम है। देशवासियों को प्रगति और विकास के दिखाए गए सपने चकनाचूर हो गए हैं। भाजपा ने देश की जनता का भरोसा तोड़ने का पाप किया है और भाजपा सरकार मनमानी पर उतारू है। नागरिकों के अधिकारों को कुचला जा रहा है यह संवैधानिक लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला है। भाजपा का यह आचरण स्वतंत्रता आंदोलन के मूल्यों के विपरीत है भारत में फिर से आपातकाल 25 जून 1975 जैसी परिस्थितियां बन रही हैं। वही उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार का चैथा वर्ष शुरू है। इस सरकार ने अपनी एक भी जनहित की योजना शुरू नहीं की है। समाजवादी सरकार के कामों पर अपना नाम लगाने के अलावा भाजपा सरकार ने कुछ नहीं किया है। झूठे वादे और झूठी घोषणाएं करने में डबल इंजन सरकारों में बस प्रतियोगिता होती रहती है। समाजवादी पार्टी राजनीति में शुचिता की पक्षधर है और मानती है कि विकास और सद्भाव दोनों के साथ से ही देश प्रदेश को प्रगति की ऊंचाइयों पर ले जाया जा सकता है। उन्होंने रैली के माध्यम से भाजपा सरकार की कथनी और करनी में अंतर साथ ही समाजवादी सरकार के किए गए कार्यों की समीक्षा करने की जनता से अपील की।