कांग्रेस ने मजदूरों के लिए किया प्रियंका रसोई का शुभारंभ
पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने कांग्रेस को बताया मजदूर हितैषी
झांसी। लाॅकडाउन के चलते सड़कों पर पैदल अपने घर की ओर जा रहे मजदूरों के पेट भरने के लिए लाॅकडाउन के करीब 47 दिन गुजरने के बाद गुरुवार को कांग्रेस ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य के मुख्य आतिथ्य में कानपुर हाईवे पर प्रियंका रसोई का शुभारम्भ किया गया। यह कार्य अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी श्रीमती प्रियंका गांधी के आवाहन पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के नेतृत्व में किया गया।
लाॅकडाउन के तृतीय चरण के अन्तिम दौर में हाईवे पर अमरा गांव के पास प्रियंका रसोई का शुभारंभ करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य उस हर गरीब मजदूर का पेट भरना है,जो इस देश का भाग्य विधाता है। आज दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हंै। मजदूर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत कर राष्ट्र का निर्माण करते हैं। सरकार द्वारा दी जाने वाली 500 और 1000 रुपए की धनराशि नाकाफी है। मजदूरों को अपने परिवार के जीवन यापन के लिए कम से कम 7500 रुपए मासिक दिए जाएं। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भगवानदास कोरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से किसान मजदूर हितेषी है तथा उनके हर सुख दुख में उनके साथी है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं हेल्पलाइन समिति के सदस्य मनीराम कुशवाहा ने कहा कि कांग्रेस हमेशा मजदूरों के साथ खड़ी है और कांग्रेस ही मजदूरों की सच्ची हितैषी है। हम सरकार से मांग करते हैं कि मजदूरों को उनके जीवन यापन के लिए स्थानीय स्तर पर मजदूरी की व्यवस्था करें। उनके बच्चों की शिक्षा, बिजली, राशन फ्री में उपलब्ध हो तथा उन्हें मजदूरी भत्ता के रूप में मासिक दिए जाएं। इस अवसर पर रसोई संचालन समिति के सदस्यों में किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह पारीछा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष बृज मोहन तिवारी , सुनील रिछारिया, पार्षद मनीष दुबे, पीतम सिंह आदि उपस्थित रहे।