देर शाम तक दोनों छात्रों के शव बरामद,डूबने से पहले का वीडियो वायरल
झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में रक्सा थाना क्षेत्र स्थित गढिय़ा/अठोंदना रेलवे डैम में पिकनिक मनाने गए 11वीं कक्षा के चार छात्रों में से दो की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। जबकि दो छात्रों को एक चरवाहे ने बहादुरी दिखाते हुए बचा लिया। एक छात्र का शव सोमवार सुबह डैम से निकाला गया जबकि देर शाम दूसरे छात्र का शव बरामद कर लिया गया।
गढिय़ा रेलवे डैम में रविवार शाम एक दिल दहलाने वाला दर्दनाक हादसा हो गया। माउंट लिट्रा जी स्कूल के 11वीं कक्षा के चार छात्र कोचिंग जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन वे पिकनिक मनाने डैम पहुंच गए। बताया जा रहा है कि चारों छात्र नाव में सवार होकर डैम के बीच पहुंचे, और मस्ती करते हुए वीडियो भी बनाया जो कि वायरल हो रहा है, तभी अचानक संतुलन बिगडऩे से वे पानी में डूबने लगे। मौके पर मौजूद एक चरवाहे कल्लू केवट ने साहस दिखाते हुए दो छात्रों—श्रवण तिवारी और शौर्य—को बचा लिया। लेकिन वेदांश यादव और आतिफ मंसूरी को नहीं बचाया जा सका, वह गहरे पानी में डूब गए।
देर शाम दोनों छात्रों की तलाश की गई लेकिन सफलता नहीं मिली। सोमवार सुबह डैम में फिर से तलाशी अभियान में गोताखोर दोनों छात्रों की खोज में गए। एक छात्र आतिफ मंसूरी (19)का शव बाहर निकाला गया। जबकि दूसरे छात्र वेदांश यादव का शव देर शाम बरामद कर लिया गया है। रक्सा पुलिस मौके पर मौजूद है घटना के बाद क्षेत्र में हडक़ंप मच गया और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वही मौके पर पहुँची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शवों को बाहर निकाला और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इनका है कहना
इस संबंध में घटना स्थल पर पहुंचे सदर एसडीएम गोपेश तिवारी ने बताया कि रक्सा थाना क्षेत्र के अठोंदना गांव में रेलवे डेम में पिकनिक मनाने आए 4 छात्रों में से दो की डूबकर मौत हो गई है। दो को ग्रामीणों द्वारा बचा लिया गया। दोपहर तक एक छात्र का शव बरामद कर लिया गया और देर शाम दूसरा शव भी बरामद हो गया है।
