झांसी। चिरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम अतपेई में पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने शराब के नशे में पारिवारिक विवाद के चलते इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया था।
जानकारी के अनुसार, 4 अप्रैल को अतपेई गांव निवासी नेपाल सिंह यादव ने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।
थाना प्रभारी राहुल राठौर ने बताया कि आरोपी शराब का आदी था और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब थी। वह स्वयं मजदूरी नहीं करता था, जबकि उसकी पत्नी और बच्चे मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। आरोपी उन्हीं से पैसे लेकर शराब पीता था और अक्सर विवाद करता था।
घटना वाले दिन भी शराब के नशे में विवाद बढ़ गया, जिसके बाद नेपाल सिंह ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया
