झांसी। चिरगांव थाना क्षेत्र के महेबा गांव के पास सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में रेलवे टेक्नीशियन जितेश (49) पुत्र ओमप्रकाश की मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी घायल हो गया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया गया है कि जितेश चिरगांव रेलवे स्टेशन पर टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत थे और सोमवार सुबह बाइक से ड्यूटी के लिए जा रहे थे। उनके साथ एक अन्य युवक भी मौजूद था। महेबा गांव के पास पीछे से आ रही अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से जितेश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि वाहन चालक उन्हें कुचलते हुए मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को चिरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां से हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के साले एवं भाजपा सिविल लाइन मंडल अध्यक्ष अनुज नीखरा ने मेडिकल कॉलेज में इलाज को लेकर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ईएमओ नशे में थे और कागजी कार्रवाई भी ठीक से नहीं कर पा रहे थे। हालांकि, सीएमएस डॉ. सचिन माहुर ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि केवल रिश्ते को लेकर भ्रम की स्थिति बनी थी, जिसे बाद में सुलझा लिया गया।
जितेश की पत्नी पूनम उर्फ महिमा एक स्कूल में शिक्षिका हैं। हादसे की खबर मिलते ही वह बदहवास हो गईं। परिवार में दो बच्चे हैं। घटना के बाद पूरे परिवार में शोक की लहर है।
