झांसी। रानी लक्ष्मी बाई मेडिकल कॉलेज में 3 अप्रैल 2026 से प्रस्तावित रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल फिलहाल टल गई है। रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन, जूनियर मेडिकल कॉलेज झांसी और कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. शिव कुमार के बीच हुई वार्ता के बाद यह निर्णय लिया गया।
दरअसल, अस्पताल की ओपीडी का समय सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक किए जाने के प्रस्ताव के विरोध में रेजिडेंट डॉक्टरों ने काम बंद हड़ताल का आह्वान किया था। डॉक्टरों का कहना था कि लंबे समय तक ओपीडी संचालन से कार्यभार अत्यधिक बढ़ेगा और व्यवस्थाएं प्रभावित होंगी।
इस मुद्दे को लेकर शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे प्रधानाचार्य और रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों के बीच बैठक हुई। वार्ता के दौरान सहमति बनी कि ओपीडी का समय पूर्व की भांति सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक ही रहेगा।
प्रशासन द्वारा समय में संशोधन किए जाने के बाद रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने प्रस्तावित हड़ताल को स्थगित करने की घोषणा की। एमएलबी मेडिकल रेजिडेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. जसप्रीत सिंह ने इस निर्णय पर संतोष जताते हुए प्रधानाचार्य का आभार व्यक्त किया।
