बुंदेलखंड में ‘दलहन बोर्ड’ बनाने का रखा प्रस्ताव
झांसी। झांसी-ललितपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनुराग शर्मा ने लोकसभा में बुंदेलखंड के किसानों से जुड़े अहम मुद्दे उठाते हुए दलहन उत्पादन को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की भौगोलिक एवं जलवायु परिस्थितियां दलहन की खेती के लिए अनुकूल हैं, लेकिन संसाधनों और सुविधाओं के अभाव में किसान अपेक्षित उत्पादन नहीं कर पा रहे हैं।
सांसद ने रबी फसल के दौरान किसानों को दिए जाने वाले अस्थायी विद्युत कनेक्शनों की अवधि बढ़ाने की मांग की, ताकि सिंचाई व्यवस्था सुचारू बनी रहे और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके साथ ही उन्होंने देश में दलहन उत्पादन को संगठित और सशक्त बनाने के लिए “दलहन बोर्ड” के गठन का प्रस्ताव रखा। उनका कहना था कि इससे अनुसंधान, उत्पादन, भंडारण और विपणन को नई दिशा मिलेगी तथा देश आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ेगा।
सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही है और उम्मीद जताई कि इस विषय पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा, जिससे बुंदेलखंड सहित देशभर के किसानों को लाभ मिलेगा।
