मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने हाथों से दी सम्मान राशि व प्रशस्ति पत्र
झांसी। उत्तर प्रदेश सरकार के सर्वोच्च खेल सम्मान ‘लक्ष्मण पुरस्कार’ से अंतरराष्ट्रीय पहलवान जोंटी कुमार को सम्मानित किया गया है। 24 मार्च को लखनऊ में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर उन्हें सम्मान राशि एवं प्रशस्ति पत्र भी दिया गया।
जोंटी कुमार वर्तमान में उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल में वरिष्ठ वाणिज्य सह टिकट क्लर्क (SrCCTC) के पद पर कार्यरत हैं। उनकी इस उपलब्धि से न केवल रेलवे विभाग, बल्कि पूरे क्षेत्र में गर्व का माहौल है। जोंटी को यह सम्मान कुश्ती के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन और उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए दिया गया है।
दिल्ली के प्रसिद्ध हनुमान अखाड़ा से जुड़े जोंटी कुमार ने कुश्ती में कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने चार बार ‘भारत केसरी’, तीन बार ‘यूपी केसरी’ और दो बार ‘भारत कुमार’ का खिताब अपने नाम किया है। इसके अलावा उन्होंने नेशनल गेम्स, सीनियर फेडरेशन कप और सीनियर राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिताओं में कई स्वर्ण पदक जीते हैं। एशियाई कुश्ती प्रतियोगिता में भी उन्होंने स्वर्ण पदक हासिल कर देश का नाम रोशन किया है।
जोंटी कुमार की इस सफलता पर उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह, मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार सहित रेलवे खेल संघ के पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
