जे.सी. बोस विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय संगोष्ठी, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय का उत्कृष्ट प्रदर्शन
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के डॉ. कौशल त्रिपाठी को जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी में सर्वश्रेष्ठ शोध पत्र प्रस्तुति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। “डिजिटल युग में मीडिया, समाज और सार्वजनिक विमर्श” विषय पर आयोजित इस संगोष्ठी (17-18 मार्च) में उन्होंने “झांसी में चुनावी विमर्श को आकार देने में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की भूमिका” विषय पर शोध प्रस्तुत किया।
उन्होंने बताया कि किस प्रकार स्थानीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ‘डिजिटल गेटकीपर’ बनकर मतदाताओं की राय को प्रभावित कर रहे हैं। कुलपति मुकेश पाण्डेय के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय के दल ने सम्मेलन में प्रभावशाली भागीदारी की। विश्वविद्यालय की ओर से कुल 10 शोध पत्र प्रस्तुत किए गए।
दल में डॉ. राघवेंद्र दीक्षित, डॉ. अभिषेक दीक्षित, डॉ. बृजेश परिहार सहित शोधार्थियों ने भी अपने विचार रखे। इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त किया है।
