पहला मामला लसूड़िया थाना क्षेत्र की कासाग्रीन कॉलोनी का है। यहां रहने वाले प्रॉपर्टी व्यवसायी वीरेंद्र सिंह सेंगर के घर से सोने के जेवर और नकदी गायब हो गई। उनके घर में पिछले करीब दो साल से तीन महिलाएं खाना बनाने और साफ-सफाई का काम कर रही हैं। वीरेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि करीब दो महीने पहले उन्होंने अलमारी के लॉकर में जेवर रखे थे। दीपावली के दौरान जब उनकी पत्नी साधना ने पहनने के लिए जेवर निकाले तो वे वहां नहीं मिले।
परिवार के मुताबिक 8 नवंबर से घर में रखे सोने के दो कड़े एक मंगलसूत्र और 50 हजार रुपए से अधिक की नकदी गायब है। इस बारे में घर में काम करने वाली महिलाओं से पूछताछ भी की गई लेकिन कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब घर में आने-जाने वाले लोगों और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
दूसरी घटना अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र की है। यहां ट्रैवल संचालक सुनील सोनी अपनी मां सीता और पत्नी नीतू के साथ रहते हैं। उनके घर में करीब डेढ़ साल से पिंकी नाम की महिला काम कर रही थी। बताया गया है कि करीब एक महीने पहले उसने अचानक काम छोड़ दिया था। 20 नवंबर को परिवार ने जब अलमारी में रखे सामान की जांच की तो सोने और चांदी के कई जेवर गायब मिले।
चोरी गए सामान में सोने का हार चार अंगूठियां तीन जोड़ी टॉप्स चार चूड़ियां मंगलसूत्र नथ लौंग और पेंडल सहित कई आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा चांदी के जेवर भी गायब बताए गए हैं। सुनील सोनी ने गुरुवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और पूर्व नौकरानी पिंकी पर संदेह जताया। पुलिस इस मामले में उससे जुड़ी जानकारी जुटा रही है।
तीसरा मामला पलासिया थाना क्षेत्र का है। यहां कपड़ा कारोबारी चंद्रप्रकाश जैन के घर उनकी 96 वर्षीय मां कमलाबाई की देखभाल के लिए मनीषा यादव नाम की केयरटेकर रखी गई थी। 25 नवंबर की देर रात कमलाबाई ने परिजनों को आवाज देकर जगाया और बताया कि अलमारी में रखी उनकी सोने की चूड़ियां नहीं मिल रही हैं।
परिजनों ने केयरटेकर मनीषा से पूछताछ की तो उसने इस बारे में जानकारी होने से इनकार कर दिया। घर में काम करने वाली रेखा सिमरन और रीना से भी पूछताछ की गई लेकिन किसी ने जानकारी नहीं होने की बात कही। इसके बाद चंद्रप्रकाश जैन ने केयरटेकर पर संदेह जताते हुए पुलिस को शिकायत दी।
तीनों घटनाओं के बाद घरेलू कर्मचारियों को काम पर रखने से पहले उनकी पहचान और पुलिस वेरिफिकेशन कराने की जरूरत एक बार फिर सामने आई है। घरों में काम करने वाले लोगों को परिवार के निजी कमरों और कीमती सामान तक पहुंच मिल सकती है। ऐसे में उनकी पहचान और पुराने रिकॉर्ड की जानकारी रखना जरूरी है। पुलिस तीनों मामलों में शिकायतों के आधार पर जांच कर रही है। फिलहाल किसी पर आरोप साबित नहीं हुआ है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि इन घटनाओं के पीछे किसकी भूमिका थी और चोरी गए जेवर व नकदी कहां हैं।
