शो में बातचीत के दौरान रवि किशन ने बताया कि उनके पिता पुजारी थे और दूध का कारोबार भी करते थे। परिवार चाहता था कि वह भी पिता के कारोबार को संभालें या फिर कोई सरकारी नौकरी करके सुरक्षित भविष्य बनाएं। लेकिन रवि किशन का मन बचपन से ही अभिनय की दुनिया में लगता था। वह कभी-कभी थिएटर में हिस्सा लेते थे और इसी दौरान उन्हें रामलीला में अभिनय करने का मौका मिला। रवि किशन ने बताया कि एक बार रामलीला में महिला का किरदार निभाने के लिए उन्होंने साड़ी पहनी थी। उनका यह कदम पिता को बिल्कुल पसंद नहीं आया। इस बात को लेकर घर में काफी विवाद हुआ और पिता ने उनकी पिटाई तक कर दी। पिता उनसे बार-बार पूछते थे कि क्या वह डांसर बनना चाहते हैं।
रवि किशन ने बताया कि उस दौर में उनके परिवार के लिए फिल्मों में करियर बनाने की बात स्वीकार करना बेहद मुश्किल था। अभिनय को लेकर घर में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा था। पिता की नाराजगी केवल डांट-फटकार तक सीमित नहीं थी बल्कि उनका गुस्सा इस हद तक पहुंच गया था कि वह रवि किशन को मार डालने की बात कहने लगे थे। अभिनेता ने शो में अपने पिता के शब्दों को याद करते हुए बताया कि वह कहते थे कि यह लड़का परिवार के लिए कलंक बनेगा और इसे मार ही देते हैं। रवि किशन के मुताबिक उस समय हालात इतने खराब हो गए थे कि उनकी मां ने उन्हें पिता के गुस्से से बचाने के लिए घर छोड़ने में मदद की। मां का साथ मिलने के बाद ही वह अपने सपनों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ सके।
इस बातचीत के दौरान रवि किशन ने यह भी बताया कि उनके जीवन में परिवार के विरोध के बावजूद अभिनय के प्रति जुनून कम नहीं हुआ। उन्होंने कठिन परिस्थितियों का सामना किया और अपनी मेहनत के दम पर मनोरंजन की दुनिया में पहचान बनाई। आज वह फिल्मों के साथ राजनीति में भी सक्रिय हैं। उनकी कहानी बताती है कि सफलता के पीछे कई बार ऐसे संघर्ष छिपे होते हैं जिनकी जानकारी दर्शकों को नहीं होती।
कॉफी विद करण के इस एपिसोड में रवि किशन के साथ अभिनेता अक्षय कुमार भी मौजूद थे। करण जौहर ने दोनों का खास अंदाज में स्वागत किया। उन्होंने अक्षय को बॉलीवुड का सुपरस्टार बताया तो रवि किशन को बिहार का ब्रैड पिट कहकर संबोधित किया। शो में पहुंचते ही रवि किशन ने अपना चर्चित डायलॉग जिंदगी झंडवा फिर भी घमंडवा भी दोहराया। करण जौहर ने बताया कि रवि किशन को शो में बुलाने का सुझाव अक्षय कुमार ने दिया था। अक्षय ने कहा कि वह रवि किशन के कॉमेडी वाले अंदाज से परिचित हैं लेकिन असल जिंदगी में वह बेहद भावुक इंसान हैं।
शो में गंभीर बातचीत के साथ मनोरंजन का तड़का भी देखने को मिला। अक्षय कुमार ने अलग-अलग जानवरों की आवाजें निकालने का मजेदार चैलेंज लिया। वहीं दोनों कलाकारों ने रवि किशन के वायरल डांस स्टेप को भी दोहराया। हालांकि इस एपिसोड में सबसे ज्यादा चर्चा रवि किशन के उस खुलासे की रही जिसमें उन्होंने बताया कि अभिनय के सपने को पूरा करने के लिए उन्हें अपने ही परिवार के विरोध का सामना करना पड़ा था।
