जानकारी के मुताबिक शिवपुरी के सिरसौद थाना क्षेत्र के बीलारा गांव निवासी औतार यादव 9 नवंबर 2026 को अपने घर से निकला था। उसी दिन उसने अपनी मां के मोबाइल पर फोन करके बताया था कि वह गांधी पार्क के पास है और कुछ देर में घर लौट आएगा। परिवार के लोग उसकी वापसी का इंतजार करते रहे लेकिन देर रात तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की और परिचितों तथा आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाने की कोशिश की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
परिजनों के मुताबिक कुछ समय बाद औतार के मोबाइल से एक व्यक्ति ने फोन किया। उसने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि मोबाइल उसके पास है और परिवार के लोग आकर इसे ले सकते हैं। यह जानकारी मिलने के बाद परिजन गांधी पार्क मैदान पहुंचे। वहां मटका पार्क के पास औतार की मोटरसाइकिल खड़ी मिली। मोटरसाइकिल का नंबर MP33MV0178 बताया गया है। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। औतार का मोबाइल फोन भी पुलिस के पास जमा है। हालांकि बाइक और मोबाइल मिलने के बावजूद युवक का पता नहीं चल सका है।
इस मामले में 10 नवंबर को कोतवाली थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर क्रमांक 0867 दर्ज की गई थी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) के तहत मामला दर्ज किया है। इसके बावजूद करीब दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी परिवार को औतार के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है। बेटे की तलाश में परेशान पिता अब पुलिस अधिकारियों से लगातार कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
महिला पर परेशान करने का आरोप
औतार के पिता हरिशंकर यादव ने सुनीता नाम की एक महिला पर बेटे को परेशान करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि औतार और सुनीता पहले साथ काम करते थे। पिता के मुताबिक कोतवाली थाने के एक दीवान ने उन्हें ऑडियो रिकॉर्डिंग सुनाई थी जिसमें सुनीता का पति औतार से एक लाख रुपये मांग रहा था। इसके अलावा आवेदन में औतार पर पहले भी दो से तीन बार हमला किए जाने का आरोप लगाया गया है। परिवार ने इन परिस्थितियों को देखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कराने और युवक को जल्द खोजने की मांग की है।
सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंचे यादव समाज के लोगों ने भी पुलिस अधिकारियों के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की। समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि युवक के लापता होने के इतने दिन बाद भी उसका पता नहीं चलना चिंता का विषय है। उन्होंने पुलिस से मामले में तेजी से जांच करने और सभी संभावित पहलुओं पर कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द ही औतार की तलाश को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो यादव समाज आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा। फिलहाल परिवार को अपने लापता बेटे की वापसी का इंतजार है और उसकी तलाश को लेकर पुलिस से जल्द नतीजे सामने आने की उम्मीद की जा रही है।
