दरअसल ग्राम खजराना स्थित सर्वे नंबर 66/2(क) की करीब 0.720 हेक्टेयर जमीन पर बने मकानों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। इस जमीन को लेकर श्रीराम बिल्डर्स और कॉलोनी के रहवासियों के बीच वर्ष 2003 से विवाद चल रहा है। जमीन के मालिकाना हक और बेदखली को लेकर मामला लंबे समय तक अलग-अलग न्यायिक मंचों पर चलता रहा। यह विवाद तहसीलदार से शुरू होकर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है। अब संबंधित आदेशों के आधार पर नगर निगम ने मकानों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की है।
इस मामले में शुक्रवार को हाईकोर्ट की डबल बेंच ने जगदीश कुमावत सहित 19 रहवासियों को अंतरिम राहत दी थी। अदालत ने फिलहाल इन लोगों को बेदखल नहीं करने का आदेश दिया था। इसके बाद बाकी 62 रहवासियों के मकानों पर कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया। इन लोगों के खिलाफ बेदखली से जुड़े आदेश पहले ही अंतिम हो चुके हैं। इसी आधार पर सोमवार को प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू कराई। हालांकि जिन 19 लोगों को हाईकोर्ट से राहत मिली है उनके मकानों पर फिलहाल कार्रवाई नहीं की जा रही है।
दूसरी ओर मकान टूटने से प्रभावित परिवारों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। कार्रवाई के दौरान दो परिवार धरने पर बैठ गए और उन्होंने मुआवजे की मांग उठाई। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं होगी वे धरना खत्म नहीं करेंगे। धरने पर बैठे रहवासी राजेश बैरागी का दावा है कि उनका परिवार करीब 30 साल से इस कॉलोनी में रह रहा था। वे नियमित रूप से नगर निगम को संपत्ति कर भी जमा करते रहे हैं। उनका कहना है कि निगम उनसे हर साल करीब 2 हजार रुपए संपत्ति कर लेता था लेकिन अब मकान हटाए जाने के बाद परिवार बेघर हो गया है। प्रभावित परिवारों का सवाल है कि लंबे समय तक टैक्स लेने के बावजूद उन्हें किसी तरह का मुआवजा या राहत क्यों नहीं दी गई।
गौरतलब है कि कृष्णबाग कॉलोनी में मकान हटाने की कार्रवाई पहले भी प्रस्तावित की गई थी। प्रशासन ने 16 और 17 नवंबर को कार्रवाई की तैयारी की थी लेकिन पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध नहीं होने के कारण इसे टालना पड़ा। इसके बाद 18 और 19 नवंबर को भी कार्रवाई नहीं हो सकी। आखिरकार सोमवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त व्यवस्था के बाद अभियान शुरू किया गया। फिलहाल नगर निगम की टीम बाकी मकानों को हटाने में जुटी है। वहीं प्रभावित परिवार अपनी मांगों को लेकर विरोध जता रहे हैं। इस कार्रवाई के बाद अब इलाके में जमीन विवाद और बेदखली को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
