हार्वेस्टर से टकराई पिकअप के बाद बस ने मारी टक्कर, वाहनों के बीच दबकर गई दोनों युवकों की जान
झांसी। झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर चिरगांव के औपारा ओवरब्रिज के पास शुक्रवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को देखने के लिए खड़े दो पिकअप चालकों को तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी। दोनों युवक वाहनों के बीच दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही चिरगांव पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस मीडिया सेल से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, शुक्रवार तड़के करीब 3:30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर औपारा ओवरब्रिज के पास हार्वेस्टर (MP16ZM2499) में पीछे से आ रही महिंद्रा पिकअप (UP32ZN9398) ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर खड़े हो गए और चालू हालत में नहीं थे। पुलिस के मुताबिक, पिकअप चालक को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार भी कराया गया।
इसी दौरान दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाने का प्रयास किया जा रहा था। तभी पीछे से आ रहे दो अन्य पिकअप मैक्स लोडर के चालक अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर हादसे को देखने लगे। इनमें जितेंद्र कुमार (26) पुत्र रामनाथ कुशवाहा निवासी बद्दा पुरवा, झीझक, थाना मंगलपुर, कानपुर देहात और मोहम्मद शाहिद (29) पुत्र हारुन निवासी चौकीदारपुरवा, रामगांव, बहराइच शामिल थे।
इसी बीच पीछे से आ रही हंस ट्रेवल्स की बस (AR11L9006) ने सड़क किनारे खड़े पिकअप मैक्स लोडर और हार्वेस्टर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जितेंद्र कुमार और मोहम्मद शाहिद वाहनों के बीच बुरी तरह फंस गए। गंभीर चोटों के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना पर थाना चिरगांव पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के परिजनों को सूचना दी और शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया गया। हादसे के बाद कुछ देर तक हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
