–युवक ने ट्रक फाइनेंस कराकर किश्त नहीं भरी, मारकर लटकाने का आरोप
झाँसी। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र गुरुवार को एक ट्रक ड्राइवर की लाश पेड़ पर लटकी मिली है। बुधवार शाम को वह दोस्त के घर जाने की बात कहकर निकला था। फिर रात को घर नहीं लौटा। परिजनों ने खोजा, मगर कोई सुराग नहीं मिला। आज राकेश राय (50) शव मिलने पर परिजनों ने एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया हैं। भतीजे ने कहा कि एक युवक ने धोखे से एक पुराना ट्रक चाचा के नाम पर री-फाइनेंस कराया था। 4 महीने से वो किश्त नहीं भर रहा था। रिकवरी वाले चाचा को परेशान कर रहे थे। इसलिए दो दिन पहले हम लोगों ने ट्रक रिकवर करा दिया था। इसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि युवक ने ही हत्या की है।
बताते हैं कि राकेश राय (50) पुत्र धनीराम राय सीपरी बाजार के करारी गांव के रहने वाले थे। उनकी बड़ी बेटी काजल की शादी हो चुकी है। दो बेटे अंश (16) और वंश (13) पढ़ते हैं। मृतक के भतीजे राणा राय ने बताया- मेरे चाचा राकेश ट्रक चलाते थे। लगभग डेढ़ साल पहले एक युवक ने पुराना ट्रक खरीदा। ट्रक चाचा के नाम रीफाइनेंस करा दिया। इस पर लगभग 13 लाख रुपए का लोन हुआ। इसमें हर महीने लगभग 40 हजार रुपए की किश्त देनी थी। 11 किश्त युवक ने भर दी थी।
मगर पिछले 4 महीने से वो किश्त नहीं भर रहा था। इसलिए रिकवरी वाले घर आने लगे थे। इससे चाचा परेशान रहने लगे थे। 17 नवंबर को हम लोगों को पता चला कि ट्रक ग्रासलेंड के पास एक पेट्रोल पंप पर खड़ा है, तब पुलिस बुलाकर ट्रक को रिकवर करा दिया था। भतीजे ने बताया कि ट्रक रिकवर कराने के बाद युवक धमकी दे रहा था। बुधवार को कार से 2-3 लोग आए और धमकाया। इसके बाद शाम लगभग 6 बजे चाचा दोस्त के घर जाने की बात कहकर निकल गए। रात को घर नहीं लौटे तो हम लोगों ने उनको ढूंढ़ा। मगर कोई सुराग नहीं लगा। आज सुबह घर से लगभग एक किलोमीटर दूर खेत में पेड़ पर चाचा राकेश की लाश लटकी मिली।
इनका कहनाः सीपरी बाजार थाना प्रभारी जेपी चौबे ने बताया कि राकेश राय ने पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या की है। सुइसाइड के कारणों की जांच की जा रही है। अभी तक परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
