जय पुरी जून 2026 तक Nvidia में एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट के पद पर थे। वह कंपनी के वैश्विक कारोबार, बिक्री और अन्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालते थे। उन्हें CEO जेनसन हुआंग के बाद कंपनी के शीर्ष तीन अधिकारियों में गिना जाता था। जून में पद छोड़ने के बाद भी वह वरिष्ठ सलाहकार के रूप में कंपनी से जुड़े रहे।
सेनली चेन के साथ संबंधों पर उठे सवाल
मडी वाटर्स ने 17 नवंबर को ‘Nvidia: More China’ शीर्षक से एक रिपोर्ट जारी की। इसमें सार्वजनिक कार्यक्रमों की कुछ तस्वीरों के आधार पर सवाल उठाया गया कि जय पुरी के साथ दिखाई देने वाली महिला कहीं सुपर माइक्रो की पूर्व अधिकारी सेनली चेन तो नहीं हैं।
रिपोर्ट में सैन फ्रांसिस्को ओपेरा के 2024 के एक कार्यक्रम और अप्रैल 2026 में हुए एक अन्य समारोह की तस्वीरों का उल्लेख किया गया है। फर्म ने सेनली चेन की मौजूदा कंपनी ChronoScale से भी इस संबंध में जानकारी मांगी, लेकिन उसे कोई जवाब नहीं मिला। हालांकि, रिपोर्ट में यह पुष्टि नहीं की गई कि तस्वीरों में दिखाई दे रही महिला सेनली चेन ही हैं।
क्या है 2.5 अरब डॉलर के चिप की सप्लाई का मामला?
यह विवाद सुपर माइक्रो कंप्यूटर के खिलाफ अक्टूबर 2026 में दायर एक मुकदमे से भी जुड़ा है। इसमें कंपनी की पूर्व चीफ ग्रोथ ऑफिसर सेनली चेन की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं।
मुकदमे के मुताबिक, चेन Nvidia के GPU यानी AI चिप की खरीद और ग्राहकों तक उनकी आपूर्ति से जुड़े फैसलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती थीं। उन पर Nvidia के साथ करीबी कारोबारी संबंध रखने और कंपनी के सह-संस्थापक लियांग के साथ चिप सप्लाई को लेकर बैठकें करने का भी आरोप लगाया गया है।
मुकदमे में आशंका जताई गई है कि चेन को चीन में चिप की कथित अवैध सप्लाई की जानकारी हो सकती थी। हालांकि, ये सभी आरोप हैं और अदालत में अभी साबित नहीं हुए हैं।
अमेरिका में तीन लोगों पर पहले ही कार्रवाई
इस मामले में अमेरिकी न्याय विभाग मार्च 2026 में सुपर माइक्रो से जुड़े तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर चुका है। इन पर Nvidia के GPU लगे सर्वर दक्षिण-पूर्व एशिया की एक कंपनी के माध्यम से चीन भेजने की साजिश रचने का आरोप है।
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, इस योजना के तहत करीब 2.5 अरब डॉलर के सर्वर चीन पहुंचाए जाने थे। इनकी खरीद 2024 से 2025 के बीच बैंकॉक की कंपनी OBON Corp के जरिए की गई थी। आरोप है कि अप्रैल और मई 2025 के दौरान करीब 51 करोड़ डॉलर के सर्वर चीन भेजे गए।
जांच एजेंसियों का दावा है कि सप्लाई की असली पहचान छिपाने के लिए गोदाम में नकली सर्वर रखे गए थे। असली उपकरणों के लेबल और सीरियल नंबर बदलकर उन्हें निर्माता की पैकिंग में दोबारा रखा जाता था, ताकि जांच के दौरान उनकी पहचान न हो सके।
इस मामले में एक आरोपी अपना जुर्म कबूल कर चुका है, जबकि दूसरे ने आरोपों से इनकार किया है। तीसरे आरोपी के फरार होने की बात कही गई है।
सुपर माइक्रो ने आरोपों को नकारा
सुपर माइक्रो ने सेनली चेन को लेकर लगाए गए आरोपों को खारिज किया है। कंपनी का कहना है कि चेन Nvidia के साथ उसके कारोबारी संबंधों का प्रबंधन नहीं करती थीं और न ही यह तय करती थीं कि Nvidia के GPU किस ग्राहक को दिए जाएंगे।
कंपनी के मुताबिक, चेन ने 18 साल तक काम करने के बाद 2026 की शुरुआत में स्वेच्छा से इस्तीफा दिया था। इसके बाद वह AI इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी ChronoScale की CEO बन गईं।
