नई दिल्ली। टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (टीकेएम) ने फ्लीट और कमर्शियल मोबिलिटी ग्राहकों के लिए इनोवा क्रिस्टा LIMO को विशेष ब्रांड के रूप में पेश किया है। इसका लिमिटेड एडिशन GX-SLF ग्रेड में उपलब्ध होगा। कंपनी की इस पहल का उद्देश्य प्रोफेशनल मोबिलिटी सेगमेंट में इनोवा को विशिष्ट पहचान दिलाने के साथ अपनी बाजार भागीदारी मजबूत करना है।
पिछले दो दशकों से अधिक समय से इनोवा भारत की लोकप्रिय और भरोसेमंद एमपीवी में शामिल है। इसने पारिवारिक जरूरतों के साथ-साथ व्यावसायिक परिवहन के क्षेत्र में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई है। नई पेशकश के जरिए टोयोटा इनोवा की इसी विरासत को आगे बढ़ाना चाहती है।
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के सेल्स, सर्विस और यूज्ड कार बिजनेस के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट सबरी मनोहर ने कहा कि इनोवा ने विश्वसनीयता, आराम और बेहतर ओनरशिप अनुभव के दम पर दो दशकों से अधिक समय में ग्राहकों का विश्वास हासिल किया है। प्रोफेशनल मोबिलिटी ग्राहक भी इस सफर का अहम हिस्सा रहे हैं। इनोवा क्रिस्टा LIMO के जरिए कंपनी इस विरासत को नई पहचान दे रही है और टोयोटा की गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखेगी।
2.4 लीटर डीजल इंजन से लैस
इनोवा क्रिस्टा LIMO का GX-SLF ग्रेड 2.4 लीटर डीजल इंजन और मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ आएगा। इसमें दमदार लो-एंड परफॉर्मेंस, पर्याप्त केबिन स्पेस और आरामदायक सफर की सुविधा दी गई है। कंपनी के अनुसार इसकी प्रमाणित ईंधन दक्षता 15 किलोमीटर प्रति लीटर तक है। इसमें आरामदायक कैप्टन सीट्स और बेहतर राइड क्वालिटी भी मिलेगी।
इनोवा क्रिस्टा वर्तमान में GX, GX+, VX और ZX सहित चार ग्रेड में उपलब्ध है। इसमें पर्याप्त हेडरूम और लेगरूम के साथ सभी सीटिंग रो में एयर-कंडीशनिंग की सुविधा दी गई है। इसके इंटीरियर में स्मार्टफोन कनेक्टिविटी वाला टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और स्टीयरिंग माउंटेड कंट्रोल्स भी शामिल हैं।
सुरक्षा के लिए सात एयरबैग
सुरक्षा के लिहाज से वाहन में सात एयरबैग, एंटी लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (एबीएस), व्हीकल स्टेबिलिटी कंट्रोल, हिल स्टार्ट असिस्ट कंट्रोल, इलेक्ट्रॉनिक ब्रेक फोर्स डिस्ट्रीब्यूशन और ब्रेक असिस्ट जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
कंपनी ग्राहकों को बेहतर ओनरशिप अनुभव देने के लिए सात साल तक की लचीली फाइनेंस योजनाएं, कम ईएमआई प्लान और टोयोटा स्मार्ट फाइनेंस की सुविधा भी उपलब्ध करा रही है। इसके अलावा एक्सप्रेस मेंटेनेंस सर्विस और 24 घंटे रोडसाइड असिस्टेंस की सुविधा मिलेगी।
इनोवा क्रिस्टा पर तीन साल या एक लाख किलोमीटर की स्टैंडर्ड वारंटी दी जा रही है, जिसे पांच साल या 2.20 लाख किलोमीटर तक बढ़ाया जा सकता है। कंपनी का कहना है कि इन सुविधाओं के जरिए वाहन के पूरे ओनरशिप सफर में ग्राहकों को सुविधा और भरोसा उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
