सातवें चक्र तक 18,639 वोटों की बढ़त, अंतिम परिणाम में सपा प्रत्याशी को 60,358 और भाजपा के अशोक राठौर को 32,695 वोट
झांसी। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन-2026 में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव ने भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर को 27,663 मतों के बड़े अंतर से हराकर जीत दर्ज की है। बुंदेलखंड कॉलेज (बीकेडी) में दूसरे दिन बुधवार को हुई मतगणना के अंतिम आंकड़ों में डॉ. मानसिंह यादव को 60,358 वोट मिले, जबकि भाजपा के अशोक कुमार राठौर को 32,695 मत प्राप्त हुए।

मतगणना के दौरान सपा प्रत्याशी की बढ़त लगातार मजबूत होती गई। सातवें चक्र तक डॉ. मानसिंह यादव भाजपा प्रत्याशी से 18,639 वोट आगे चल रहे थे। उस समय तक 84,052 मतपत्रों की गणना पूरी हो चुकी थी। सपा प्रत्याशी को 44,897 और भाजपा प्रत्याशी को 26,258 वोट मिले थे। तीसरे स्थान पर शिवशंकर पटेल को 3,226 मत प्राप्त हुए थे।

मतगणना की शुरुआत में तस्वीर कुछ अलग दिखाई दी थी। पहले चक्र में भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर ने 984 मतों की बढ़त बनाई थी, लेकिन दूसरे चक्र में सपा प्रत्याशी ने वापसी करते हुए 150 मतों की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद तीसरे चक्र में डॉ. मानसिंह यादव ने भाजपा प्रत्याशी पर 2,225 मतों की बढ़त बना ली। इसके बाद प्रत्येक चक्र के साथ सपा प्रत्याशी की बढ़त बढ़ती चली गई।

मतगणना के दौरान चक्रवार परिणाम जारी होने में भी देरी हुई। रात तक परिणामों को लेकर प्रत्याशियों और समर्थकों में उत्सुकता बनी रही। जैसे-जैसे आंकड़े सामने आए, सपा खेमे में जीत को लेकर उत्साह बढ़ता गया। सातवें चक्र के बाद ही सपा प्रत्याशी की बढ़त मजबूत होने के कारण समर्थकों ने जीत की उम्मीद जतानी शुरू कर दी थी।
अंतिम चक्र के परिणाम के अनुसार कुल 1,09,482 मतपत्रों की गणना की गई, जिसमें 9,596 मतपत्र अस्वीकृत घोषित किए गए। अन्य प्रत्याशियों में शिवशंकर पटेल को 3,949, मानसिंह यादव नाम के अन्य प्रत्याशी को 829, दीपक कुमार द्विवेदी को 609, विष्णु कुमार और सारिका को 309-309, सत्य चंद्र दुबे को 254, केशव कान्त शर्मा को 251, देवेश कुमार सिंह को 168, राहुल कनकने, मोहित गुप्ता को 66, राज कुमार को 52 और शैलेन्द्र कुमार को 37 वोट मिले। निर्वाचन अधिकारी विमल दुबे ने विजयी प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव को प्रमाणपत्र दिया।
जीत का श्रेय अखिलेश की विजनरी सोच और कार्यकर्ताओं के नाम
जीत के बाद डॉ. मानसिंह यादव ने इसका श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और सपा मुखिया अखिलेश यादव की विजनरी सोच को दिया। उन्होंने कहा कि वित्तविहीन शिक्षकों, 69 हजार शिक्षक भर्ती और एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट जैसे मुद्दों को लेकर शिक्षकों और मतदाताओं के बीच पार्टी की बात पहुंची। उन्होंने कार्यकर्ताओं की मेहनत को जीत का महत्वपूर्ण आधार बताया।
न हार में ,न जीत में किंचित नहीं भयभीत में
वहीं भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर ने सोशल मीडिया पर लिखा – सादर अभिवादन “न जीत में, न हार में, किंचित नहीं भयभीत मैं।” इलाहाबाद-झांसी खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के समस्त भाइयों एवं बहनों से क्षमा प्रार्थी हूं कि मैं एमएलसी की इस परीक्षा में आपकी अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर सका। पुनः आपसे मिले स्नेह के लिए सदैव आभारी रहूंगा।
सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था
मतगणना स्थल बीकेडी के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। रात बढ़ने के साथ पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई। पुलिस अधिकारियों के अलावा पीएसी और आठ थानों की पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया। बीकेडी चौराहे पर भी अतिरिक्त फोर्स तैनात रही। मतगणना स्थल के बाहर पुलिसकर्मी लगातार निगरानी करते रहे।
अंतिम परिणाम के साथ ही इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन में सपा प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव की जीत पर मुहर लग गई।
