टॉप-10 अपराधियों में शामिल गैंग लीडर के पास से तमंचा और दो कारतूस बरामद
41 गंभीर आपराधिक मामले हैं दर्ज
झांसी। मऊरानीपुर थाना पुलिस ने यात्री को जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के मामले में वांछित हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को सकरार थाना क्षेत्र में रूहारी टोल प्लाजा से करीब 700 मीटर आगे रोडवेज बस से पकड़ा गया। उसके कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक मोबाइल बरामद हुआ। पुलिस आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार और क्षेत्राधिकारी मऊरानीपुर रत्नेश्वर सिंह के पर्यवेक्षण में अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस ने कार्रवाई की।
मऊरानीपुर सीओ रत्नेश्वर सिंह ने बताया कि 27 अक्टूबर को कटरा मोहल्ला निवासी मनोज कुमार मिश्रा ने सूचना दी कि वह मऊरानीपुर से झांसी जाने वाली निजी बस में सवार थे। इसी दौरान नदीपार कटरा नई बस्ती निवासी जय हिंद श्रीवास बस में चढ़ा और उन्हें गाली देने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने पुराने विवाद का हवाला देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद तमंचे में कारतूस डालकर उन पर फायर करने का प्रयास किया, लेकिन गोली नहीं चली। भीड़ जुटने पर आरोपी बस से उतरकर दूसरी रोडवेज बस में सवार होकर झांसी की ओर भाग निकला।
41 आपराधिक मामले दर्ज
सूचना मिलते ही मऊरानीपुर पुलिस ने रोडवेज बस का पीछा किया और सकरार क्षेत्र में उसे रुकवाकर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी में तमंचा और दो जिंदा कारतूस मिले। सीओ के मुताबिक, जय हिंद श्रीवास जिले के टॉप-10 अपराधियों में शामिल है और लुटेरा गैंग डी-24 का गैंग लीडर है। वह मऊरानीपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर नंबर 53ए भी है। उस पर 41 गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार सोलंकी, उपनिरीक्षक कुलदीप पवार, कांस्टेबल ओमजी अवस्थी, सचिन सिकरवार और अंशू सिंह शामिल रहे।
