दतिया/भांडेर (राजेश गिरी)। भांडेर विधानसभा अंतर्गत कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन की कड़ी में दूसरा कार्यकर्ता सम्मेलन कार्यक्रम शुक्रवार को सालोन बी में भांडेर विधायक फूलसिंह बरैया के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधायक ग्वालियर ग्रामीण मदन सिंह कुशवाहा मौजूद रहे। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष दतिया अशोक दांगी बगदा, पूर्व जिलाध्यक्ष दतिया रामकिंकर सिंह गुर्जर, ब्लॉक अध्यक्ष सालोन बी मानसिंह कुशवाहा, भांडेर ब्लॉक अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह यादव, उनाव ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह यादव, नारायण बाबूजी, आदि सहित अन्य पदाधिकारी-कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ता सम्मेलन के उपरांत कार्यपालिक मजिस्ट्रेट तहसील भांडेर अमित दुबे को सालोन बी तरफ की क्षेत्रीय विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन भी सौंपा गया।
इंडिया गठबंधन की महारैली में शामिल होने का किया आह्वान
इस सम्मेलन में फूलसिंह बरैया ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस और इंडिया ब्लॉक के नेतृत्व में एक महारैली का आयोजन किया गया है जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए विपक्ष के नेता राहुल गाँधी के आह्वान पर वोट बचाओ – देश बचाओ (विशेष पुनरीक्षण/एसआईआर और कथित वोट चोरी के खिलाफ) को लेकर मौजूदा सरकार के विरुद्ध प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें शामिल होने के लिए जिला दतिया के कार्यकर्ता ट्रेनों से दिल्ली पहुंचेंगे।
इन क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर दिया ज्ञापन
कार्यकर्ता सम्मेलन के अंत में कार्यपालिक मजिस्ट्रेट तहसील भंडार अमित दुबे को क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन सौंप समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की गई है। ज्ञापन के अनुसार, 15 अक्टूबर से रबी की बुवाई शुरू हो जाती है और इसके लिए पानी की आवश्यकता होती है। लेकिन एक हफ्ते से भी ऊपर समय गुजर जाने के बाद अब तक नहरों में पानी नहीं छोड़ा गया है जिससे चना, मसूर एवं सरसों की बुवाई पिछड़ रही है। आवासीय एवं कृषि पंपों की अघोषित बिजली कटौती तत्काल बंद की जाए। किसान खाद के लिए कूपन लिए घूम रहे हैं। लेकिन उन्हें खाद नहीं मिल रहा है।
अतः खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इस दौरान क्षेत्र की बरसाती नदी मृगा से संबंधित गंभीर समस्या की तरफ भी ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया है। यह समस्या बारिश के मौसम में सामने आती है जब इसमें भारी मात्रा में पानी आने से गणेशपुरा, जौरी, बैसोरा तथा महादुआ का मुख्य सड़क मार्ग से संपर्क टूट जाता है। ऐसे में लोगों की आवाजाही न केवल बाधित हो जाती है। साथ ही, इस स्थिति में कई बार प्रसूताओं या गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों का जीवन संकट में पड़ जाता है। अतः यहां पुलों का निर्माण कराया जाना आवश्यक है। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की दो घोषणाओं की तरफ भी शासन का ध्यान आकर्षित करते हुए उनके द्वारा सालोन बी को उप तहसील बनाने तथा यहां महाविद्यालय की स्थापना की घोषणा को शीघ्र अमल में लाए जाने की मांग की है।
