भांडेर/दतिया (राजेश गिरी)। भांडेर पुलिस द्वारा हाल ही में हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से लूटे गए सोने का एक जोधा हार एवं घटना में प्रयुक्त काले-लाल रंग की पल्सर मोटरसाइकिल जप्त की है।
दरअसल 10 अक्टूबर को फरियादी हरीशंकर निरंजन निवासी ग्राम कुल्हरिया, थाना सरसई, अनुभाग भांडेर, जिला दतिया मप्र अपनी पत्नी संध्या के साथ भांडेर में दतिया रोड स्थित शांति वेयर हाउस पर आयोजित एक पटा कार्यक्रम में शामिल होकर मोटरसाइकिल से शाम करीब साढ़े सात बजे अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान ततारपुरपट्टी स्थित मिथला गार्डन के आगे नहर के पास पल्सर मोटरसाइकिल से आए तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी मोटरसाइकिल को कट मारकर रुकवाया तथा जान से से मारने की धमकी देकर फरियादी की पत्नी के गले से सोने का दो तोला वजनी जोधा हार लूटकर फरार हो गए।
फरियादी द्वारा आरोपियों की मोटरसाइकिल का नंबर यूपी 93 बीएस 3925 नोट कर लिया गया था। फरियादी की इस रिपोर्ट पर 16 अक्टूबर को थाना भांडेर में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अप. क्र. 194/26, धारा 309 (4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने विश्वसनीय मुखबिर सूचना एवं विवेचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए लूट की घटना में संलिप्त तीन आरोपियों शरद कुमार अहिरवार, उम्र 22 वर्ष, निवासी सुदामापुरी कॉलोनी, खोड़न, जिला झांसी, मुकुल राजपूत, उम्र 20 वर्ष, निवासी बराठा, थाना बड़ागांव, जिला झांसी तथा विक्रम वंशकार, उम्र 19 वर्ष, निवासी सिद्धेश्वर नगर, आईटीआई, सीपरी बाजार, जिला झांसी को पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार किया और आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोने का जोधा हार एवं घटना में प्रयुक्त काले-लाल रंग की पल्सर मोटरसाइकिल जप्त की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने घटना के दो दिन पूर्व झांसी में लूट की योजना बनाई थी। आरोपियों ने श्राद्ध कार्यक्रमों की अधिकता तथा भांडेर सरसई रोड पर अंधेरा एवं सुनसान रहने का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम देने की साजिश रची। रेकी के दौरान दंपति को देखकर आरोपियों ने महिला के गले में सोने का हार पहचाना और उनका पीछा किया। सुनसान स्थान पर दंपति को रोककर अवैध हथियार दिखाते हुए महिला के गले से सोने का हार लूट लिया।
प्रकरण में शामिल एक अन्य आरोपी अभिषेक राजपूत उर्फ अभी फिलहाल फरार है। उसके विरुद्ध झांसी में लूट सहित 16 गंभीर अपराध पंजीबद्ध हैं। वह थाना बड़ागांव, जिला झांसी का हिस्ट्रीशीटर एवं चिरगांव क्षेत्र का गैंगस्टर है। वहीं, गिरफ्तार आरोपी मुकुल राजपूत के विरुद्ध हत्या के प्रयास, शांति भंग करने का प्रकरण भी पंजीबद्ध हैं।
सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी भांडेर निरीक्षक सपना शर्मा व थाना प्रभारी सरसई उनि आकाश संसिया, हमराह फोर्स उनि सोबरनसिंह तोमर, सउनि रामजुहार कुशवाह, प्रआर मोहर सिंह, प्रआर. अवधेश दीक्षित, आर. महेश, आर. दिलीप, आर. पुष्पेन्द्र सिंह, आर. बासुदेव सगर, आर. चन्द्रभान सिंह, आर. दीपक यादव, आर. विशाल श्रीवास्तव, आर. अमित शर्मा, आर. मिथुन यादव, म.आर. ज्योति कौर थाना भांडेर की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही।
