नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) में एक मेजर रैंक के अधिकारी की पत्नी पर चीनी खुफिया एजेंसियों (Chinese intelligence agencies) के लिए संवेदनशील जानकारी साझा करने का आरोप लगा है। जासूसी के आरोप में महिला के खिलाफ पुलिस ने रविवार को केस दर्ज किया। आरोप है कि उसने राष्ट्रीय सुरक्षा मुद्दों पर एक शोध पत्र तैयार करके चीनी एजेंसी के साथ साझा किया। इन शोध पत्रों को लिखने के लिए उसने चैटजीपीटी (ChatGPT) और क्लाउड जैसे एआई टूल का इस्तेमाल किया था।
अभी इस मामले में महिला को गिरफ्तार नहीं किया गया है, लेकिन एफआईआर दर्ज होने के बाद उससे पूछताछ की जा रही है। खबर है कि महिला जांच में पुलिस का पूरा सहयोग कर रही है। इसकी जांच एक उपाधीक्षक को सौंपी गई है। पुलिस के मुताबिक, तेलंगाना की रहने वाली यह महिला उच्च शिक्षित है। उसने 2021 में बेंगलुरु से अंतरराष्ट्रीय संबंधों में मास्टर डिग्री और 2022 में जिनेवा से स्नातकोत्तर या PG की पढ़ाई की है। 2023 में उसने संयुक्त राष्ट्र के साथ आईटी इंटर्नशिप की थी और वर्तमान में एक फ्रीलांस रिसर्चर के रूप में काम कर रही है। उसकी शादी अक्तूबर, 2023 में भारतीय सेना के एक मेजर से हुई थी।
यूएन में चीनी नागरिक से बना संपर्क
महिला ने अपनी यूएन इंटर्नशिप के दौरान कई विदेशी नागरिकों से बातचीत की थी। इसमें एक चीनी नागरिक भी शामिल था, जिसके साथ वह व्हाट्सऐप पर संपर्क में थी। इसके अलावा, 2024 में वह सोशल मीडिया के जरिये एक मलेशियाई नागरिक के संपर्क में थी, जो एक कंसल्टेंसी चलाता है और कथित तौर पर चीनी खुफिया एजेंसियों के लिए काम कर रहा था।
स्टेशन पर पकड़ी महिला
केंद्रीय खुफिया एजेंसी और पुलिस की एक संयुक्त टीम ने गत 14 अक्तूबर को जम्मूतवी रेलवे स्टेशन पर महिला को उस समय रोका, जब वह पठानकोट के लिए ट्रेन पकड़ने की तैयारी कर रही थी। उसे पास के एक सैन्य स्टेशन ले जाकर पूछताछ की गई और उसका मोबाइल फोन जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।
एआई को आधार बनाया
महिला का दावा है कि उसने जो भी सामग्री तैयार की, वह पूरी तरह से ओपन-सोर्स जानकारी और एआई प्लेटफॉर्म्स पर आधारित थी। जांच एजेंसियां यह पता लगाने के लिए उसके डिजिटल उपकरणों और वित्तीय लेनदेन का व्यापक फोरेंसिक विश्लेषण कर रही हैं कि क्या उसने फ्रीलांस रिसर्च के नाम पर जानबूझकर विदेशी संपर्कों के साथ संवेदनशील जानकारी साझा की थी।
अधिकारियों के अनुसार, महिला के फोन से कई मुद्दों पर शोध लिखे दस्तावेज मिले हैं। इसमें जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा, अरुणाचल प्रदेश में बुनियादी ढांचा परियोजनाओं और ड्रोन तैनाती जैसे संवेदनशील विषय हैं। मानेकशॉ सेंटर में भारत-इटली रक्षा बैठक, भारतीय सेना प्रमुख की अमेरिका यात्रा, भारत-रूस रक्षा समझौता आदि दस्तावेज मिले हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में शुक्रवार को जम्मू के गांधी नगर थाने में मामला दर्ज किया गया है। महिला पर जासूसी करने और गोपनीय सरकारी जानकारी को बिना अनुमति इस्तेमाल करने से जुड़े शासकीय गोपनीयता अधिनियम के तहत आरोप लगाए गए हैं। इसके अलावा आपराधिक साजिश रचने और देश की संप्रभुता के खिलाफ अपराधों से संबंधित भारतीय न्याय संहिता की धाराएं भी लगाई गई हैं।
