सागर के कारीगरों की भायी कारीगरी,आयोजकों ने खाली कोच में लाने की कराई व्यवस्था
झांसी। शारदीय नवरात्र को लेकर झांसी में मां दुर्गा की प्रतिमाओं की स्थापना की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी बीच तालपुरा के अंबेडकर नगर की नवयुवक दुर्गा समिति ने इस बार अनूठे तरीके से मां दुर्गा की प्रतिमा मंगाई। मध्य प्रदेश के सागर में तैयार पांच फीट ऊंची शेरावाली माता की प्रतिमा शनिवार रात करीब एक बजे ट्रेन से वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पहुंची। प्रतिमा के स्वागत के लिए पहुंचे युवाओं ने जयकारे लगाए और उसे लेकर मोहल्ले के पंडाल की ओर रवाना हो गए।

समिति के अध्यक्ष विक्की मलोटिया ने बताया कि पिछले साल नवरात्र के दौरान वह सागर गए थे। वहां कारीगरों द्वारा बनाई गईं मां दुर्गा की प्रतिमाएं उन्हें काफी पसंद आईं। तभी उन्होंने अगले नवरात्र में अपने मोहल्ले के पंडाल के लिए सागर से प्रतिमा मंगाने का निर्णय लिया था। इस बार उन्होंने वहां के कारीगर को शेर पर सवार चार भुजाओं वाली मां दुर्गा की प्रतिमा बनाने का ऑर्डर दिया।
गौरतलब है कि इस बार झांसी में करीब 900 दुर्गा पंडाल सजाए जा रहे हैं। समितियां अपने-अपने तरीके से मां की प्रतिमाएं स्थापित करने की तैयारियों में जुटी हैं।
टूटने के डर से चुना रेल मार्ग
विक्की ने बताया कि सागर से झांसी की दूरी करीब 225 किलोमीटर है। सड़क मार्ग से प्रतिमा लाने पर उसके टूटने या क्षतिग्रस्त होने का डर था। इसलिए वह अपने चार दोस्तों के साथ सागर पहुंचे और रेलवे अधिकारियों से संपर्क किया। अनुरोध पर प्रतिमा को खाली कोच में रखकर लाने की व्यवस्था हुई। रविवार को जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस से प्रतिमा झांसी पहुंची।
