देहरादून। आज 16 अक्तूबर से नौ नवंबर के बीच हेलीकॉप्टर (Helicopter) से चारधाम यात्रा (Char Dham Yatra) के लिए शुक्रवार को टिकट बुक होंगे। आईआरसीटीसी की वेबसाइट www.heliyatra.irctc.co.in पर यह बुकिंग की जा सकेगी। यूकाडा के सीईओ प्रतीक जैन ने यह जानकारी दी। हेलीकॉप्टर से चारधाम यात्रा करने के लिए आज टिकट बुक होंगे। आईआरसीटीसी की अधिकृत वेबसाइट पर शाम तीन बजे से बुकिंग विंडो खुलेगी।
सिर्फ ऑनलाइन ही बुक होंगे टिकट
उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथॉरिटी (यूकाडा) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतीक जैन ने बताया कि चारधाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर की ऑनलाइन टिकट सिर्फ www.heliyatra.irctc.co.in के माध्यम से ही बुक हो पाएंगे।
फर्जी एजेंटों से सावधान रहें
उन्होंने कहा कि यात्री किसी भी तरह की धोखाधड़ी से बचने के लिए अनधिकृत व्यक्तियों, ट्रैवल एजेंटों या फर्जी वेबसाइट अथवा लिंक के माध्यम से टिकट बुकिंग न करें।
प्रभावित न हो कुंभ की तैयारी: बर्द्धन
देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कुंभ मेले की तैयारियों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव और जनगणना की वजह से कुंभ के कार्य प्रभावित नहीं होने चाहिए। मुख्य सचिव ने गुरुवार को कुंभ की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कार्यों के लिए समय सीमा निर्धारित की जाए और जो कार्य समानांतर रूप से किए जा सकते हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। जनगणना व चुनावों के कार्यों के कारण कुंभ के लिए कर्मचारियों की उपलब्धता प्रभावित न हो यह भी सुनिश्चित किया जाए।
संस्कृत ग्रामों को पर्यटन से जोड़ेंगे
उत्तराखंड में आदर्श संस्कृत ग्रामों को अब पर्यटन गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में गुरुवार को संस्कृत संस्थानम् के शासी निकाय की तीसरी बैठक में संस्कृत के उत्थान के लिए कई फैसले लिए गए। मुख्य सचिव ने संस्कृत स्पर्धाओं में प्रतिभागियों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही संस्कृत के प्रचार के लिए ऑनलाइन मॉड्यूल तैयार करने के साथ ही सूचनात्मक रील्स बनाने, मोबाइल ऐप के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए।
