झांसी। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लिए होने वाले निर्वाचन 2026 की नामांकन प्रक्रिया में दाखिल 19 नामांकन पत्रों में से 15 को वैध घोषित किया गया है। संवीक्षा के दौरान चार नामांकन पत्रों में कमियां मिलने पर उन्हें निरस्त कर दिया गया।
रिटर्निंग ऑफिसर एवं मंडलायुक्त झांसी बिमल कुमार दुबे ने बताया कि मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों में भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर और समाजवादी पार्टी के डॉ. मान सिंह यादव के नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि चार नामांकन पत्र त्रुटिपूर्ण शपथ पत्र, नामांकन पत्र पर हस्ताक्षर नहीं होने, अपूर्ण सूचना तथा प्रस्तावकों के हस्ताक्षर नहीं होने के कारण निरस्त किए गए।
वैध प्रत्याशियों में अशोक कुमार राठौर, डॉ. मान सिंह यादव, केशवकांत शर्मा, दीपक कुमार द्विवेदी, देवेश कुमार सिंह, प्रभा यादव, मानसिंह यादव, रमेश चंद्र दुबे, राजकुमार, राहुल कनकने, विष्णु कुमार, शिवशंकर पटेल, शैलेन्द्र कुमार, शैलेन्द्र सिंह पटेल और सारिका शामिल हैं।
वहीं धनंजय कुमार, आलोक दुबे, प्रीतम कुमार और रमेश चंद्र कुशवाहा के नामांकन निरस्त किए गए। संवीक्षा के दौरान सहायक रिटर्निंग ऑफिसर/अपर आयुक्त कुंवर पंकज, वरिष्ठ सहायक आरके पाल सहित निर्वाचन कार्मिक मौजूद रहे।
